DDC Election Jammu Kashmir: क्रिकेटर से सांसद बने गौतम गंभीर होंगे जम्मू-कश्मीर में भाजपा के अगले स्टार प्रचारक
जम्मू-कश्मीर प्रभावी तरुण चुग पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिश सूद व भाजपा के वरिष्ठ नेता जफ्फर-उल-इस्लाम भी भाजपा के लिए चुनाव प्रचार कर चुके हैं। अब यह जिम्मेदारी सांसद गौतम गंभीर को सौंपी जा रही है।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर में चल रहे जिला विकास परिषद के चुनाव में अब क्रिकेटर से सांसद बने गौतम गंभीर स्टार प्रचार के रूप में उतरेंगे। अगले सप्ताह वह जम्मू में आकर चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 7-9 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर में होने वाले चुनाव में गौतम गंभीर भाजपा के प्रचारक के रूप में भाग लेंगे।
जम्मू-कश्मीर में आठ चरणों में होने वाले जिला विकास परिषद के चुनावों के अब तक दो चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गए हैं। इस दौरान भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, किशनपाल गुर्जर, मुख्तार अब्बास नकवी, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जम्मू व श्रीनगर में भाजपा की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रचार का बीड़ा संभाला। भाजपा की नीतियों के साथ उन्होंने जम्मू व कश्मीर के लोगों को भाजपा के विजन से भी अवगत कराया।
भाजपा के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जिन्हें भाजपा की ओर से चुनाव प्रचार का प्रभारी नियुक्त किया गया है और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह अभी भी भाजपा उम्मीदवारों के हक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनके अलावा जम्मू-कश्मीर प्रभावी तरुण चुग, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, हरिश सूद व भाजपा के वरिष्ठ नेता जफ्फर-उल-इस्लाम भी भाजपा के लिए चुनाव प्रचार कर चुके हैं। अब यह जिम्मेदारी सांसद गौतम गंभीर को सौंपी जा रही है।
आपको बता दें कि डीडीसी के आठ चरण के मतदान 28 नवंबर को शुरू हुए थे। मतदान यह प्रक्रिया 19 दिसंबर को संपन्न होगी जबकि 22 दिसंबर को मतों की गिनती होगी। इससे पहले गौतम गंभीर भाजपा की ओर से पश्चिम बंगाल में प्रचारक के रूप में अपना योगदान दे चुके हैं। क्रिकेटर होने के नाते गौतम गंभीर के देश भर में काफी प्रशंसक हैं। भाजपा को लगता है कि प्रचार में यह फायदेमंद साबित हो सकता है। गौतम गंभीर पिछले साल भाजपा की ओर से लोकसभा चुनाव लड़कर सांसद बने थे। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली को पूर्वी दिल्ली सीट पर हराया था।