JMC Executive Committee: कॉरपोरेटर भानू महाजन बनी जम्मू नगर निगम की एग्जीक्यूटिव कमेटी की सदस्य
आखिरकार नगर निगम की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य के रूप में निर्दलियों के समर्थन के साथ कांग्रेस की कॉरपोरेटर भानू महाजन को चुन लिया गया। उन्होंने निगम की सचिव टीना महाजन को इस संबंध में लिखित पत्र देकर सबसे बड़े दल के सदस्य के रूप में अपना दावा पेश किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता : आखिरकार नगर निगम की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य के रूप में निर्दलियों के समर्थन के साथ कांग्रेस की कॉरपोरेटर भानू महाजन को चुन लिया गया। उन्होंने निगम की सचिव टीना महाजन को इस संबंध में लिखित पत्र देकर सबसे बड़े दल के सदस्य के रूप में अपना दावा पेश किया।
13 फरवरी को निगम की एग्जीक्यूटिव कमेटी के चार सदस्य चुन लिए गए थे लेकिन विपक्ष के नेता के रूप में भानू महाजन को चुनने में समझौता नहीं बन पाया था। अब कांग्रेस ने निर्दलियों के सहयोग से भानू को निगम में सबसे बड़े दल के नेता के रूप में उन्हें चुना है। उन्होंने निगम सचिव टीना महाजन को कॉरपोरेटर सुच्चा सिंह, रमा, शाम बस्सन,अशोक सिंह मन्हास, पूर्व काॅरपोरेटर बलवीर कुमार के साथ पहुंच कर यह पत्र सौंपा। दैनिक जागरण ने 12 फरवरी को सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने संबंधी समाचार प्रकाशित कर दिया था।
इस कमेटी को भारत सरकार के गृह मामले मंत्रालय द्वारा म्यूनिसिपल कॉरपोरेटर एक्ट, 2000 की धारा 40(1)(ए) में संशोधन के बाद गठित किया गया है। भारत सरकार ने 26 अक्टूबर 2020 को एक आदेश नंबर एसओ 3808(इ) जारी कर जनरल फंक्शन कमेटी काे भंग करने को कहा था। इसी कड़ी में औपचारिकताएं पूरी करते हुए नगर निगम 13 फरवरी को चुनाव करवाने की घोषणा की थी। जिसमें भाजपा के कॉरपोरेटर दिनेश गुप्ता (वार्ड 18), सुनीता गुप्ता (वार्ड 37) और डा. अक्षय शर्मा (वार्ड 8) तथा निर्दलीय सुच्चा सिंह को कमेटी का सदस्य चुना जा चुका है। इसके अलावा मेयर इस कमेटी के चेयरमैन बने हैं जबकि निगम आयुक्त भी इस कमेटी की सदस्य हैं। सबसे बड़े दल के नेता के रूप में भानू महाजन को चुना गया है। निगम की अन्य छह कमेटियां भी इसी एग्जीक्यूटिव कमेटी की देखरेख में काम करेंगी। इससे पहले 19 जनवरी 2021 को निगम की तीन कमेटियों के चेयरमैन पद के लिए चुनाव हुए थे जिसमें भाजपा ने कब्जा जमाया था।