कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जम्मू में बढ़ती महंगाई के विरोध में किया प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया। कांग्रेस के जिला महासचिव एवं ब्योपार मंडल के प्रधान गुरमीत सिंह ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। दो जून की रोटी मुश्किल हो गई है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया।
कांग्रेस के जिला महासचिव एवं ब्योपार मंडल के प्रधान गुरमीत सिंह ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के राज में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। कांग्रेस ससरकार में एलपीजी सिलेंडर 414 में था जो अब 875 रुपये में मिल रहा है। दाल 70 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 190 हो गई है। ऐसे ही जो 90 रुपये लीटर मिलता था वो 190 रुपये में बिक रहा है।
दूध की कीमत भी 35 से 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। आम व्यक्ति का रसोई का बजट गड़बड़ा चुका है और उसे समझ नहीं आ रही कि आखिर वो करे तो क्या। पेट्रोल-डीजल के दाम भी सौ रुपये पार कर चुके हैं। कुल मिलाकर जनता को महंगाई न मार डाला है। हद तो यह है कि कोरोना महामारी के दौरान अधिकतर लोगों की नौकरियां चली गई हैं। तनख्वाहें कम हो गई हैं। महंगाई तो बढ़ी लेकिन आज भी कई कंपनियां कर्मचारियों को आला वेतन ही दे रही हैं। कइयों को आज तक नौकरी नहीं मिली है। ऐसे में खर्च कम होने के बजाय बढ़ गया है। दो जून की रोटी मुश्किल हो गई है।
गुरमीत ने कहा कि लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। चीजों के कुप्रबंधन के चलते जनता पिस कर रह गई है। इस मौके पर वार्ड 3 के प्रधान हरदेवेंद्र सिंह, वार्ड 15 प्रधान राज कुमार सोढ़ी, गुज्जर-बक्करवाल प्रधान निम्मी, सुमन गुप्ता, दीपू, पोली, अमरप्रीत सिंह, विजय कुमार, राज कुमार, अपू सिंह, सुमन, जवेश अरोड़ा आदि मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की। उनका कहना था कि महंगाई पर लगाम लगाकर आम जनता को राहत पहुंचानी चाहिए।