J&K: परिसीमन मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला, कहा-केंद्र ने ठंडे बस्ते में डाली योजना
अब जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन के चलते केंद्र सरकार जल्द परिसीमन करवाए नहीं तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर विधानसभा की सीटों के परिसीमन के मुद्दे पर मुकरते हुए लोगों से धोखा करने का आरोप लगाया है। प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा है कि भाजपा उन लोगों को छल रही है जिनके वोट की बदौलत उसने वर्ष 2014 के चुनाव में विधानसभा की 25 सीटें व दो संसदीय सीटें जीतकर सत्ता हासिल कर थी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रलय ने दबाव में परिसीमन की योजना को 24 घंटे के अंदर ठंडे बस्ते में डालकर भाजपा ने साबित कर दिया कि लोगों के हित उसके लिए कोई मायने नहीं रखते हैं। रविंद्र शर्मा ने पूछा कि गुलाम कश्मीर के विस्थापितों को 30-30 लाख रुपये देने के भाजपा के वादे का क्या हुआ। उनके बच्चों को आरक्षण देने के साथ गुलाम कश्मीर के कोटे की 24 सीटों में से 8 सीटें देने की बातें कर रही हैं।
पैंथर्स पार्टी ने आंदोलन छेड़ने की दी चेतावनी
कांग्रेस के बाद पैंथर्स भी राज्य में विधानसभा सीटों के परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा व केंद्र सरकार को घेरेगी। अब जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन के चलते केंद्र सरकार जल्द परिसीमन करवाए नहीं तो आंदोलन छेड़ा जाएगा। केंद्र सरकार के विधानसभा सीटों का परिसीमन करवाने के संकेत देने के बाद से कई राजनीतिक दल और संगठन परिसीमन करवाने की मांग को लेकर मुखर हैं। पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने भाजपा को वर्ष 2014 का विजन डॉक्यूमेंट याद दिलाया, जिसमें जम्मू से राजनीतिक व आर्थिक भेदभाव को दूर करने के लिए विधानसभा सीटों का परिसीमन करवाने का वादा किया गया था। जम्मू में वीरवार दोपहर गांधीनगर में हर्षदेव ने कहा कि इस समय जम्मू कश्मीर में राष्ट्रपति शासन होने के कारण केंद्र सरकार धारा 47 को संशोधित कर गत 18 वर्षो से हो रहे राजनीतिक भेदभाव को दूर कर सकती है। इस वादे को लेकर भाजपा ने जम्मू संभाग में विधानसभा की 25 और संसद की दो सीटें जीती थी। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने गुलाम कश्मीर की 24 सीटों में से पांच यहां बसे गुलाम कश्मीर के रिफ्यूजियों और तीन कश्मीरी पंडितों के लिए आरक्षित करने का भी दावा किया था। उन्होंने भाजपा-पीडीपी सरकार का हवाला देते हुए कहा कि यह मुद्दा एजेंडा ऑफ अलायंस में शामिल होने के बाद भी पूरा करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आजाद, अंबिका सोनी की व्यस्तता के कारण बैठक टली
श्रीनगर में प्रदेश कांग्रेस की बैठक को कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद व जम्मू कश्मीर प्रभारी अंबिका सोनी को श्रीनगर आना था। दिल्ली में कांग्रेस की होने वाली बैठक के कारण श्रीनगर की बैठक को कुछ दिन के लिए टालना पड़ा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप