कांग्रेस का कहना, भूमि अधिकार-नौकरियों में स्थानीय युवाओं की गारंटी, पर भाजपा कर रही है गुमराह
अलग-अलग तरह के बयान सामने आने से लोगों की परेशानियां बढ़ रही है। पहले ही जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा कम करके केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि जम्मू कश्मीर में भूमि अधिकार और नौकरियों की गारंटी जैसे संवेदनशील मामलों में भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि अपने राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा लोगों में असमंजस की स्थिति फैला रही है। भाजपा में इन दोनों मामलों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अलग-अलग तरह के बयान सामने आने से लोगों की परेशानियां बढ़ रही है। पहले ही जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा कम करके केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया है। स्थानीय दवाब और राजनीति के लिए भूमि अधिकार और नौकरियों में जम्मू कश्मीर के युवाओं को गारंटी देने के मामलों में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। भाजपा को इन दोनों संवेदनशील मुद्दों पर जम्मू कश्मीर के युवाओं को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए। जम्मू के युवाओं को यह महसूस हो रहा है कि नौकरियों को लेकर सरकार कोई गारंटी देने में नाकाम रही है।
भाजपा को एक स्पष्ट नीति लेकर सामने आना चाहिए और डोगरों की पहचान कायम रखने के लिए आकांक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। शर्मा ने कहा कि मुख्यधारा वाली विपक्षी पार्टियों की आवाज को नहीं दबाना चाहिए और लोगों की उम्मीदें पूरी करने के लिए सौहार्द पूर्ण माहौल बनाना चाहिए।