J&K Congress: कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ भगवती नगर में प्रदर्शन किया, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर रोष
पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के अलावा अन्य चीजों के दामों में बढ़ोतरी को मुद्दा बनाकर केंद्र सरकार को घेरने का प्रयास कर रही कांग्रेस ने मंगलवार को शहर के भगवती नगर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस पिछले कुछ दिनों से लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती आ रही है।
जम्मू, जागरण संवाददाता । पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के अलावा अन्य चीजों के दामों में बढ़ोतरी को मुद्दा बनाकर केंद्र सरकार को घेरने का प्रयास कर रही कांग्रेस ने मंगलवार को शहर के भगवती नगर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस पिछले कुछ दिनों से लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती आ रही है और प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार की नींद नहीं खुलती, वे ऐसे ही अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमन भल्ला, योगेश साहनी सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भगवती नगर में रैली निकालते हुए पहुंचे और वहां धरना दे दिया। वहीं रमन भल्ला का कहना था कि भाजपा सरकार लोगोें को सुहाने सपने दिखाकर सत्ता में आई और अब उन्हीं लोगों को महंगाई के बोझ में दबाकर भाजपा नेता सत्ता का सुख भोग रहे हैं।
भल्ला का कहना था कि सरकार बिना वजह पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौजूदा कीमताें कों देखते हुए ये तीनों चीजें बहुत सस्ती हो सकती हैं। वहीं योगेश साहनी का कहना था कि पेट्रोल, डीजल के दामों में बढ़ोतरी से ही अन्य चीजों के दाम बढ़ जाते हैं। वस्तुओं की माल ढुलाई महंगी होती है और चीजों के दाम बढ़ाने पड़ते हैं। साहनी ने कहा कि भाजपा सरकार देश नहीं चला पा रही है और लोग भी यह बात अब समझ चुके हैं। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताअों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।