Jammu Kashmir: रजनी पाटिल ने कहा-जम्मू कश्मीर में परिसीमन व राज्य दर्जा मुद्दा हैं, लेकिन महंगाई से बढ़कर नहीं
हमें जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों तक अपनी पहुंच बनानी होगी। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले हमारी अब से तैयारी शुरू हो जानी चाहिए। रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर के सभी वर्गों व क्षेत्रों की मांग है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: कांग्रेस का मानना है कि जम्मू कश्मीर में निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन और राज्य दर्जे की मांग अहम मुद्दा हैं, लेकिन महंगाई और बेरोजगारी से बढ़कर नहीं। इसलिए आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी की आवाज उठाते हुए ही मैदान में होगी।
कांग्रेस की जम्मू कश्मीर प्रभारी रजनी पाटिल ने जम्मू में प्रदेश कांगे्रेस के पदाधिकारियों की बैठक में यही रणनीति बनाई है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से कहा कि वे महंगाई, बेरोजगारी, नौकरशाही शासन, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरे। हालांकि, यह मांग भी जोरशोर से उठाएं कि परिसीमन से पहले जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल होना चाहिए।
रजनी पाटिल ने अपने पांच दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को जम्मू में बैठक कर जम्मू कश्मीर के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पार्टी को मजबूत करने का रोडमैप यही है कि हम सक्रिय होकर काम करें। जनहित के मुद्दों के साथ लोगों के बीच जाएं। भले ही जम्मू कश्मीर में परिसीमन और जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का मुद्दा अहम है, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार आम लोगों से जुड़े हुए मुद्दे हैं।
हमें जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों तक अपनी पहुंच बनानी होगी। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले हमारी अब से तैयारी शुरू हो जानी चाहिए। रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर के सभी वर्गों व क्षेत्रों की मांग है। हम तो पहले दिन से ही जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं और दिल्ली में प्रधानमंत्री की सर्वदलीय बैठक में पार्टी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
बैठक से पहले शुक्रवार सुबह रजनी पाटिल ने पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक, प्रदेश प्रधान जीए मीर, वरिष्ठ नेताओं जुगल किशोर, मनमोहन सिंह, हरि सिंह चिब के साथ श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन किए और जम्मू कश्मीर के लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। वही वीरवार की रात को ही भवन पर पहुंच गई थीं।
मीर ने बताईं पार्टी की गतिविधियां: कांग्रेस के प्रदेश प्रधान जीए मीर ने रजनी पाटिल को पार्टी की तरफ से समय-समय पर उठाए जाने वाले मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से महंगाई समेत अन्य मुद्दों को उठा रहे हैं। धरने, प्रदर्शन कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ता महंगाई समेत अन्य मुद्दों पर मोदी सरकार पर निशाना साधेंगे।