जम्मू : जब कोरोना फैल जाएगा, क्या तब चेतेगा जम्मू नगर निगम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वार्ड नंबर 55 कुंजवानी के कॉरपोरेटर प्रीतम सिंह ने यह शब्द कहे। उन्होंने निगम आयुक्त अवनी लवासा से अपील की कि वे बिना देरी प्रभावी कदम उठाएं ताकि शहर वासियों को बचाया जा सके। बाद में लकीर पीटने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता : कोरोना संक्रमण तेजी के साथ शहर में अपनी काली छाया डाल रहा है। कोई मुहल्ला शेष नहीं बचा है जहां से कोई न कोई कोरोना संक्रमण का मामला न आया हो। बावजूद इसके जम्मू नगर निगम नींद से नहीं जाग रहा। क्या जब सारे शहर को कोरोना अपनी चपेट में ले लेगा, तब जम्मू नगर निगम सैनिटाइजेशन, फागिंग शुरू करेगा। अब तक किसी भी क्षेत्र में नगर निगम ने काेई कदम नहीं उठाया है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वार्ड नंबर 55, कुंजवानी के कॉरपोरेटर प्रीतम सिंह ने यह शब्द कहे। उन्होंने निगम आयुक्त अवनी लवासा से अपील की कि वे बिना देरी प्रभावी कदम उठाएं ताकि शहर वासियों को बचाया जा सके। बाद में लकीर पीटने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में नगर निगम ने बड़ी सारी मशीनरी खरीदी जिसमें पेट्रोल हैंड पंप, ट्रैक्टर, फागिंग मशीनें शामिल थीं। आज वो मशीनरी कहां हैं। किसका इंतजार किया जा रहा है। नगर निगम अपने स्तर पर भी कार्रवाई करने के अधिकार रखता है। जो भी संभव हों, वो कदम तो अभी से उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन बन रहे हैं। इनमें मशीनरी से सैनिटाइजेशन आदि की जानी चाहिए। ऐसा हो नहीं रहा है।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन व भाजपा नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सड़कों व पार्कों का विकास, स्ट्रीट लाइटों की समस्या जस की तस बनी हुई है। कुछेक काम छोड़ दिए जाएं तो जमीनी स्तर पर काम नहीं दिख रहे हैं। दावे ज्यादा और काम कम किया जा रहा है। उन्होंने भाईभतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ वार्डों में ज्यादा फंड्स व काम दिया गया है लेकिन जमीनी स्तर पर काम बोलना चाहिए, वैसा नहीं है। इतना ही नहीं नालों की सफाई का काम भी अधूरा ही है। निगम को कार्रवाई करनी चाहिए।