जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस के जीए मीर बोले- लोकतांत्रिक संस्थानों को खत्म कर रही है मोदी सरकार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर की आज मंगलवार को पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक जम्मू बैठक हुई जिसमें पार्टी के जन जागरण अभियान पर विचार विमर्श किया गया। नेताओं ने देश में बढ़ती महंगाई बेरोजगारी किसान और जनविरोधी नीतियों पर मोदी सरकार की आलोचना की।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान गुलाम अहमद मीर ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार देश में लोकतांत्रिक संस्थानों और संस्कृति को खत्म करती जा रही है। लोगों में नफरत फैलाई जा रही है। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने लोगों से कहा कि वह भाजपा की गलत नीतियों का विरोध करें और सरकार पर यह दबाव डालें कि वे लोकतांत्रिक संस्थानों को मजबूत बनाए और गरीब, युवा विरोधी नीतियों को बंद करें।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर की आज मंगलवार को पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक जम्मू बैठक हुई जिसमें पार्टी के जन जागरण अभियान पर विचार विमर्श किया गया। नेताओं ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसान और जनविरोधी नीतियों पर मोदी सरकार की आलोचना की। गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कांग्रेसी जम्मू कश्मीर में विभिन्न मुद्दों पर अभियान चला रही है लेकिन बढ़ती महंगाई पर केंद्र सरकार चुप है।
केंद्र सरकार गहरी नींद में सोई हुई है और हमने अब यह फैसला किया है कि जन जागरण अभियान का दूसरा चरण 9 जनवरी से शुरू किया जाए। इसमें लोगों को महंगाई के बारे में जागरूक किया जाएगा। पार्टी के कार्यवाहक प्रधान रमण भल्ला ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। दो साल में पेट्रोल, डीजल, आवश्यक वस्तुओं के दाम बहुत बढ़ गए हैं। लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर यह कब तक चलेगा।सब्जियों के दाम ही नहीं बल्कि एलपीजी सिलेंडर के दाम भी एक हजार रुपये तक पहुंच गए हैं।
आम आदमी पिस रहा है जिसकी सुनवाई नहीं हो रही है महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के जन जागरण अभियान का दूसरा चरण तेजी के साथ चलेगा। हम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को सरकार की गलत नीतियों के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी लोगों की आकांक्षाओं पर पूरा उतरने के लिए प्रयास कर रही है। लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। पूर्व मंत्री मूलाराम और अन्य ने भी संबोधित किया। बैठक में टीएस बाजवा, अशोक शर्मा, अशोक डोगरा, कुलदीप वर्मा अन्य शामिल हुए।