कांग्रेस की पूर्व विधायक ने नेकां का दामन थामा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए बन रहे सियासी माहौल के बीच
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए बन रहे सियासी माहौल के बीच सोमवार को प्रदेश कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस की पूर्व विधायक स्वर्णलता ने नेशनल कांफ्रेंस का दामन थाम लिया।
वर्ष 2009-14 तक राज्य में सत्तासीन रही नेशनल कांफ्रेंस व कांग्रेस गठबंधन सरकार में वह समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष रही थीं। स्वर्णलता के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें कुछ माह से लग रही थी। दावा किया जा रहा था कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगी। इस संदर्भ में उनकी भाजपा के कुछ नेताओं से बातचीत भी हुई थी। सोमवार को शेरे कश्मीर भवन स्थित नेकां मुख्यालय में आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनका संगठन में स्वागत किया।
उमर ने कहा कि स्वर्णलता एक पढ़ी-लिखी और सूझबूझ वाली जनता को समर्पित नेता हैं। मैं खुद उन्हें लोगों के लिए काम करते देखा है। मैं जब मुख्यमंत्री था तो वह समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष थीं। मैं उनका अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत करता हूं। मैंने जब सुना कि वह हमारे संगठन में शामिल होना चाहती हैं तो खुद उनसे संपर्क किया। उनसे बातचीत की, ताकि यह पता लगा सकूं कि उनका हमारे साथ आना सिर्फ अफवाह है या वह सचमुच आना चाहती हैं। उन्होंने मुझे कहा कि वह सचमुच नेशनल कांफ्रेंस में शामिल होकर एक नई शुरुआत करना चाहती हैं।
नेकां उपाध्यक्ष ने कहा कि मेरे पिता डॉ. फारूक अब्दुल्ला भी चाहते थे कि जब स्वर्णलता जी हमारे संगठन में शामिल हों तो वह खुद मौजूद रहें, लेकिन आज दिल्ली में एक बैठक के कारण वह यहां नहीं हैं। हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर स्वर्णलता के नेशनल कांफ्रेंस में शामिल होने पर किसी तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस घटना को बड़ा अहम माना जा रहा है। कारण, स्वर्ण लता 1987 में बड़ी ब्राह्मणा से चुनाव जीत कर विधायक बनी थीं। बाद में बड़ी ब्राह्मणा विधानसभा क्षेत्र के कुछ हिस्सों को बिश्नाह और कुछ को विजयपुर के साथ जोड़ दिया गया। उनका विजयपुर, बड़ी ब्राह्मणा और जम्मू में अच्छा जनाधार है। इसके अलावा इन दिनों राज्य में आरक्षित सीटों के बदलाव की भी चर्चा है। अगर विजयपुर सीट आरक्षित होती है तो स्वर्णलता नेशनल कांफ्रेंस की एक मजबूत उम्मीदवार साबित हो सकती हैं।