जम्मू-कश्मीर में मौसम ने फिर बदली करवट, बादल छाने के बाद तापमान में हल्की गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बना हुआ है। यह दबाव 13 फरवरी तक सक्रिय रहेंगे।
जागरण संवाददाता, जम्मू : उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बादल छाने के साथ ही एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। बादल छाये रहने के साथ ही तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। रात से ही बादल छाने लगे थे जिसके चलते न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई लेकिन सुबह पहले पहर से ठंड का प्रकोप परेशान करने लगा। सुबह से ही बादल छाये हुए हैं। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी भी शुरू हो चुकी है।
कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम आदि क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए बदलवा के बाद भी फिलहाल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अभी खुला हुआ है। सुबह जम्मू से कश्मीर के लिए गाड़ियों को रवाना किया गया। आगे विभाग ने वाहन चालको को सावधानी बरतने के लिए कहा है। श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पहले ही कटा हुआ जबकि पुंछ से कश्मीर को जोड़ने वाला एतिहासिक मुगल रोड के भी अभी खुलने के अासार नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बना हुआ है। यह दबाव 13 फरवरी तक सक्रिय रहेंगे। उसके साथ ही मौसम साफ होने लगेगा। उसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। 19 के बाद फिर से पश्चिमी विक्षोभ का दवाब बनता दिख रहा है। मंगलवार को श्रीनगर का अधिकतम तापामन 13.1 चल रहा है। न्यूनतम तापामन -0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू का अधिकतम तापामन 20.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। लेह का अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -12.2 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।