Jammu Kashmir के दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे थल सेनाध्यक्ष, कहा- दुश्मन के हर दुस्साहस का दें मुंहतोड़ जवाब
न्होंने जवानों व अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता अखंडता के लिए जो भी खतरा बनता नजर आए उसके खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए। हमेशा सजग रहेंगे तो दुश्मन को किसी भी नापाक हरकत करने का मौका नहीं मिलेगा।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो : थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ सटे अग्रिम इलाकों का दौरा किया। उन्होंने जवानों व अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता अखंडता के लिए जो भी खतरा बनता नजर आए, उसके खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए। हमेशा सजग रहेंगे तो दुश्मन को किसी भी नापाक हरकत करने का मौका नहीं मिलेगा। दुश्मन के हर दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए।
थलसेना की कमान संभालने के बाद जनरल मनोज पांडे का यह जम्मू कश्मीर का पहला दो दिवसीय दौरा है। शनिवार को कश्मीर पहुंचे जनरल मनोज पांडे की आगवानी उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अमनदीप सिंह ओजला ने की। जम्मू कश्मीर का दौरा करने से पहले जनरल मनोज पांडे ने 29 व 30 अप्रैल को लद्दाख का दौरा किया था।
थलसेना प्रमुख ने चिनार कोर मुख्यालय में उत्तरी कमान के प्रमुख और चिनार कोर कमांडर व अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक में जम्मू कश्मीर के समग्र सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रदेश में जारी आतंकरोधी अभियानों में सेना की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने एलओसी के मौजूदा हालात, सेना की आपरेशनल तैयारियों और घुसपैठ रोधी तंत्र की समीक्षा भी की।
इसके बाद थलसेना प्रमुख ने उत्तरी कश्मीर में एलओसी के अग्रिम हिस्सों में स्थित सैन्य चौकियों का दौरा किया। उन्होंने वहां तैनात जवानों व अधिकारियों से बातचीत कर उनसे जमीनी हालात की जानकारी ली। उन्होंने जवानों व अधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पूरा देश सेना के जवानों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवान व अधिकारी पूरी दुनिया में अपनी राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और आत्मबलिदान की भावना के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने जवानों व अधिकारियों से हमेशा सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि दुश्मन के हर दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। उन्होंने घुसपैठ रोधीतंत्र की समीक्षा करते हुए कहा कि सिर्फ घु़सपैठ ही नहीं गुलाम कश्मीर की तरफ से हथियारों व नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले तत्वों को भी नाकाम बनाना जरूरी है।