शिव के डमरू की थाप पर मनाया राम मंदिर भूमि पूजन का जश्न
जागरण संवाददाता जम्मू भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमि पूजन की खुशी में
जागरण संवाददाता, जम्मू: भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमि पूजन की खुशी में डोगरा फ्रंट शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने जम्मू के रानी पार्क में दीप जलाकर और शिव के डमरू की थाप पर नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर भोग लगाया गया। बाद में लोगों में प्रसाद भी वितरित किया गया। इस मौके पर वहां मौजूद आम लोगों ने भी जय श्रीराम का घोष कर वातावरण को राम मय कर दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि पूरे विश्व के लिए यह गर्व की बात है कि रामजन्म भूमि पर भगवान श्रीराम का मंदिर बनने जा रहा है। गुप्ता ने कहा कि भगवान राम सबके हैं। इसलिए राम मंदिर को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब इसका देश के साथ वास्तविक विलय हुआ है। इस मौके पर अभिषेक, कालू, प्रेम, नरेश आदि उपस्थित थे।