पाकिस्तान ने पुंछ के देगवार में दागे गोले, जवाबी कार्रवाई में पाक सैनिक मारा गया
नियंत्रण रेखा पर बने अशांति माहौल को देखते हुए प्रशासन रिहायशी इलाकों में पड़ने वाले सरकारी स्कूलों को भी कई-कई दिनों तक बंद रखता है ताकि आम लोगों को नुकसान न पहुंचे।
पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकतों को दोहराते हुए जिला पुंछ के देगवार सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। पाकिस्तानी सैनिकों ने पहले तो हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया परंतु बाद में उन्होंने माेर्टार भी दागे। पाकिस्तान गोलीबारी की आड़ में घुसपैठ करवाने के प्रयास है लेकिन सतर्क भारतीय सुरक्षा बल पाकिस्तान के नापाक इरादों को विफल बना रहे है। पाकिस्तान भारतीय क्षेत्र के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार आज सुबह 6.45 बजे देगवार सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने अचानक गोलाबारी शुरू कर दी थी। चौकियों पर तैनात भारतीय जवान भी मुश्तैदी बनाए हुए थे। गोलीबारी का जवाब फोरन दिया गया। बताया जा रहा है कि भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवार्इ में पाकिस्तान का एक जवान मारा गया। 7.15 बजे के बाद से पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलाबारी करना बंद कर दिया। जब से सीमा पर सन्नाटा छाया हुआ है। हालांकि अभी तक किसी भी सैन्य अधिकारी ने पाकिस्तानी सैनिक के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है। भारतीय जवान पूरी मुश्तैदी के साथ तैनात हैं। जिला पुंछ के बालाकोट, केरनी, देगवार और जिला राजौरी के शाहपुर सेक्टर में आए दिन पाकिस्तानी सैनिक चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी करते रहते हैं।
नियंत्रण रेखा पर बने अशांति माहौल को देखते हुए प्रशासन रिहायशी इलाकों में पड़ने वाले सरकारी स्कूलों को भी कई-कई दिनों तक बंद रखता है ताकि आम लोगों को नुकसान न पहुंचे।