Ceasefire Violation: पाक की नापाक हरकत, पुंछ एलओसी पर फिर दाग रहा गोले, जवान दे रहे कड़ा जवाब
आज सुबह 9 बजे के करीब पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए पहले तो हल्के हथियारों से गोलीबारी की परंतु जैसे ही भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। पाक सैनिकों ने कस्बा व किरनी सेक्टर के रिहायशी इलाकों में मोर्टार शेल दागना शुरू कर दिए।
पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बार-बार भारतीय जवानों से मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान लगातार नियंत्रण रेखा पर भारतीय जवानों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी कर रहा है। आज सुबह से पाकिस्तानी सैनिक जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे कस्बा और किरनी सेक्टरों में भारतीय चौकियों व रिहायाशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी कर रहे हैं। भारतीय जवान भी इसका मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
सैन्य सूत्रों के अनुसार आज सुबह 9.10 बजे के करीब पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए पहले तो हल्के हथियारों से गोलीबारी की परंतु जैसे ही भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। पाक सैनिकों ने कस्बा व किरनी सेक्टर के रिहायशी इलाकों में मोर्टार शेल दागना शुरू कर दिए। भारतीय जवान भी पाकिस्तान की हर गोलाबारी का कड़ा जवाब दे रहे हैं। फिलहाल कहीं से भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आपको जानकारी हो कि पाकिस्तान ने गत मंगलवार को भी जिला पुंछ के तीन सेक्टर कस्बा, किरनी और शाहपुर में सुबह 10.30 बजे सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की थी। भारतीय जवानों ने जब इसका जवाब दिया तो पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी का सिलसिला थम गया। पिछले एक सप्ताह से लगातारी जारी इस गोलाबारी के कारण रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि भारतीय जवान सीमा पर पूरी सतर्कता बरते हुए हैं। पाकिस्तान की हर नापाक हरकत पर नजर रखे हुए हैं। जिला पुंछ की भिंबर गली सेक्टर में भारतीय स्नाइपर ने पाकिस्तान स्नाइपर को मार गिराया था। उन्होंने यह भी बताया कि आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए ही इन स्नाइपरों को पाकिस्तान ने सीमा पर तैनात किया है। गोलाबारी भी घुसपैठ कराने के इरादे से ही की जाती है।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद सीमा पर गोलाबारी का सिलसिला एक बार फिर थम गया है।