जम्मू-कश्मीर: मेंढर, बालाकोट व कृष्णा घाटी में पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन
Ceasefire violation. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के मेंढर बालाकोट और कृष्णा घाटी में सीजफायर का उल्लंघन किया।
जम्मू, जेएनएन। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के मेंढर, बालाकोट और कृष्णा घाटी में शुक्रवार को सीजफायर का उल्लंघन किया। वहीं, उड़ी क्षेत्र में पाक फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और पांच मकानों को भी नुकसान हुआ है।
बारामूला के उड़ी के साथ पाक सेना ने बृहस्पतिवार रात को जम्मू संभाग के पुंछ व राजौरी जिले में भी जमकर गोले दागे। राजौरी व पुंछ में सुबह छह बजे से पाकिस्तान की ओर गोलाबारी थमी हुई है। नौशहरा के झंगड़ में गोलीबारी की छिटपुट घटनाएं हुई। सेना नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान के मंसूबे को नाकाम बनाने के लिए कड़ी सर्तकता बरत रही है। सेना उड़ी में पाकिस्तान की गोलाबारी का कड़ा जवाब दे रही है।
गोलाबारी में दो दिनों में एक महिला की मौत हुई है जबकि एक सैन्य कर्मी समेत दो लोग घायल हुए हैं। तीन दिनों के अंदर पाकिस्तान ने 40 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। ऐसे हालात में सेना, सीमा सुरक्षा बल ने लोगों को कड़ी एहतियात बरतने की सलाह दी है। वरिष्ठ अधिकारी सीमांत वासियों के बीच जाकर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। उड़ी में वीरवार देर रात नियंत्रण रेखा के पार से गोले दागने शुरू कर दिए। पाकिस्तान न क्षेत्र की चौकसचुका व काठी पोस्ट को निशाना बनाकर गोले दागे।
इस गोलाबारी में उड़ी के मंडिया गांव में पाकिस्तान के गोले गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। उसकी पहचान उड़ी के मंडिया गांव के रियाज खान के रूप में हुई है। दोपहर तक जारी रही इस गोलीबारी में रियाज खान के घर समेत आधा दर्जन के करीब मकानों का नुकसान पहुंचा है। इससे पूर्व पुंछ के मनकोट, बालाकोट, कृष्णा घाटी, मेंढर सेक्टर व राजौरी जिले के कलाल, लाम, झंगड़, पुखर्नी, शेर मकड़ी, मिनका व दादल सेक्टर में भी पाक सेना नियमित फायरिंग कर रही थी।