शहर में बनाए जाएंगे 11 स्मार्ट नाके
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जम्मू शहर में ग्यारह स्मार्ट नाके स्थापित किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, जम्मू : स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जम्मू शहर में ग्यारह स्मार्ट नाके स्थापित किए जाएंगे। शहर में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। पुलिस कर्मी इन्हीं सीसीटीवी फुटेज की मदद से भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर नजर रखेंगे। इस परियोजना के तहत शहर में आधुनिक तकनीक वाले आग्निशामक उपकरण भी लगेंगे। यह जानकारी जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की सातवीं बोर्ड और डायरेक्टर्स की बैठक के दौरान दी गई।
मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि छह से सात सरकारी विभागों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सोलर पैनल लगाने के लिए चीफ इंजीनियर जेकेपीसीएल परियोजना को एक सप्ताह के भीतर डीपीआर देने को कहा गया। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नरवाल फल एवं सब्जी मंडी को आधुनिक बनाने के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली गई हैं। इसके अलावा शहर में आपात स्थिति में सहायता के लिए विशेष सैल बनाया जाएगा। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ऐतिहासिक इमारतों के रखरखाव, सामूहिक शौचालय निर्माण, गांधी नगर और छन्नी हिम्मत में साइकिल ट्रैक बनाने का फैसला किया गया।
बैठक में यह जानकारी दी गई डोगरा चौक से केसी चौक तक फ्लाई ओवर के नीचे दस स्थानों पर वर्टिकल गार्डन बनाए जाएंगे। इससे फ्लाई ओवर की खूबसूरती बढ़ेगी और प्रदूषण भी कम होगा। शहर में नए बोरवैल लगाने का काम भी जल्द शुरू होगा। आरसी बीन, रिफ्लेक्टर कंपेक्टर व्हीकल, रिवर्स वेंडिग मशीन, कूड़ा दान, सूचना तकनीक से जुड़े उपकरणों और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का संचालन करने के लिए उपकरणों की खरीद के लिए ई-टेंडरिग की जाएगी।
शहर में बैटरी से चलने वाली कारों को चलाने की संभावना तलाशी जा रही है। बिजली के तारों को भूमिगत किया जाएगा। स्मार्ट वाटर मीटर लगाए जाएंगे।
बैठक में मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने सभी अधिकारियों को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने समयबद्ध तरीके से सभी काम पूरा करने को कहा। इस दौरान आईजीपी जम्मू मुकेश सिंह, जिला आयुक्त जम्मू सुषमा चौहान, नगर निगम आयुक्त अवनी लवासा, चीफ इंजीनियर जेपीडीसीएल गुरमीत सिंह, जेडीए की वीसी बबीला रकवाल के अलावा जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।