कार नहर में गिरने से दो युवकों की मौत
शहर के बाहरी क्षेत्र जल्लोचक्क के नजदीक शनिवार की देर रात को एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के बाहरी क्षेत्र जल्लोचक्क के नजदीक शनिवार की देर रात को एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। इस हादसे में उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों शवों को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी ले जाया गया। पोस्टमार्टम से पूर्व दोनों को कोरोना संक्रमित बताया गया। उसके बाद उनके परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। उसके बाद जीएमसी प्रशासन ने यूटर्न लेते हुए दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव बताते हुए शव परिवार को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब ग्यारह बजे नानक नगर निवासी प्रीत अरविंद सिंह (28) अपनी कार नंबर जेके02एसी-5921 से अपने दोस्त यशपाल सिंह (34 वर्षीय) को उसके घर जल्लोचक्क छोड़ने के लिए जा रहा था। जल्लोचक्क मार्ग पर रंजीत कॉलेज के एक मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों ने देर रात को ही बचाव कार्य शुरू किया और कार सवार यशपाल सिंह को नहर से बाहर निकाल कर उसे जीएमसी अस्पताल में पहुंचाया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रात को प्रीत अरविंद सिंह का पता नहीं चल सका था। रविवार की सुबह कार चालक प्रीत अरविद सिंह की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत से पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर आगे उसका शव बरामद हुआ।
-------- दूसरे मित्र सन्नी की किस्मत अच्छी निकली कार हादसे में मारे गए प्रीत अरविद सिंह के परिजनों ने बताया कि वह निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। घटना के शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ किसी काम के सिलसिले में गया था। हादसे से पहले कार में तीन युवक सवार थे। सन्नी सिंह को प्रीत अरविद ने उसके घर के नजदीक छोड़ा। उसके बाद कुछ ही आगे गया कि कार नहर में गिर गई। सन्नी की किस्मत अच्छी रही कि वह हादसे से ठीक पहले उतर गया था। हादसे में मारा गया यशपाल सिंह कृषि उत्पाद बेचने वाली एक कंपनी में काम करता था।