Jammu Crime : नाके पर ट्रैफिक कर्मी को टक्कर मार कर कार चालक फरार, पुलिसकर्मी की हालत गंभीर
यह हादसा वीरवार दोपहर दो बजे के करीब हुआ। जम्मू पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग में डीटीआई (इंस्पेक्टर) अतुल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर नाका लगाया। इस दौरान अखनूर से जम्मू की ओर आ रही एक कार को ट्रैफिक कर्मियों ने रुकने का इशारा किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के बाहरी क्षेत्र कानाचक्क के बटेडा इलाके में नाके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैफिक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी दोनों टांग में चोट आ गई। कांस्टेबल को उसके साथियों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की शिकायत पर कानाचक्क पुलिस थाने में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध ड्यूटी पर तैनात कर्मी को टक्कर मारने और दूसरों की जान को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया है।
यह हादसा वीरवार दोपहर दो बजे के करीब हुआ। जम्मू पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग में डीटीआई (इंस्पेक्टर) अतुल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर नाका लगाया। इस दौरान अखनूर से जम्मू की ओर आ रही एक कार को ट्रैफिक कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। कार चालक ने नाके पर वाहन रोकने की बजाए कार की गति को तेज कर दिया और नाका तोड़ कर भाग निकला। नाके से भागने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और वहां तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल उत्तम सिंह पुत्र प्रभात सिंह निवासी पखिया, मिश्रीवाला को टक्कर मार दी।
गनीमत यह रही कि उत्तम सिंह ने किसी तरह कूद कर अपनी जान को बचाया लेकिन हादसे के उसकी दोनों टांगों में गंभीर चोट आ गई। पुलिस कर्मी को टक्कर मारने के बाद कार चालक वहां से भाग निकला। घायल कांस्टेबल उत्तम सिंह को उपचार के लिए ले जाया गया। डीटीआई ट्रैफिक अतुल सिंह ने बताया कि उन्होंने कार चालक के विरुद्ध कानाचक्क पुलिस थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। कार चालक की पहचान करने ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों की भी मदद लेकर कार की पहचान करवाई जा रही है।