Jammu : कटड़ा में आटो चालक की मनमानी के खिलाफ चला अभियान
बिना कागजात के चल रही वैन को जब्त किया गया। आटो और थ्री व्हीलर में अवैध रूप से लगे पर्दे को हटाया और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना मास्क के घूम रहे लोगों से जुर्माना वसूला गया
कटड़ा, संवाद सहयोगी : कटड़ा में आटो चालकों की मनमानी केे खिलाफ मंगलवार पुलिस ने अभियान छेड़ दिया। बिना कागजात के चल रही वैन को जब्त किया गया। आटो और थ्री व्हीलर में अवैध रूप से लगे पर्दे को हटाया और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना मास्क के घूम रहे लोगों से जुर्माना वसूला गया और उन्हें चेतावनी दी गई कि संक्रमण से बचाव के लिए खुद सतर्क रहें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
एसएसपी रियासी शैलेंद्र सिंह के निदेश पर एसपी कटड़ा अमित भसीन और एसडीपीओ कुलजीत सिंह के नेतृत्व में एसएचओ कटड़ा सुनील शर्मा ने आधार शिविर कटड़ा के मुख्य बस अड्डा, बानगंगा मार्ग तथा जम्मू मार्ग पर अभियान चलाकर वाहनों के कागजात की जांच की। इस दौरान दो मारुति वैन को जब्त किया गया। दूसरी ओर उन काटो चालकों पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने थ्री व्हीलर में अवैध रूप से पर्दे लगा रखे थे। उन पर्दों को हटाया गया। ओवरलोडिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
शहर में बिना मास्क के घूम रहे लोगों से 9600 रुपये जुर्माना वसूला गया। एसएचओ कटड़ा सुनील शर्मा ने बताया कि यूं तो आधार शिविर कटड़ा में रोजाना पुलिस द्वारा बिना मास्क के घूम रहे लोगों के साथ ही वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ऑटो चालकों को चेतावनी दी है कि वे पर्दे हटा लें। ओवरलोडिंग के वुरुद्ध भी अभियान छेड़ा गया है। अागे इस अभियान को और तेज किया जाएगा। दरअसल, कटड़ा में आटो चालकों की मनमानी और अधिक किराया लेने की शिकायत भी आती रही थी।