भारतीय क्षेत्र में घुस आए पाकिस्तानी नागरिक को बीएसएफ ने पकड़ा, बाद में पाकिस्तानी रेंजरों को लौटाया
पूछताछ में उसने बताया कि वह गलती से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया। उसकी बातों से संतुष्ट होने के बाद बीएसएफ ने कुछ ही घंटों बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी की उस नागरिक को पाकिस्तानी रेंजर को सौंप कर इंसानित का संदेश दिया।

जम्मू, जेएनएन : सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में शनिवार को एक पाकिस्तानी नागरिक भारतीय हद में घुस आया। पहले से सतर्क सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गलती से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया। उसकी बातों से संतुष्ट होने के बाद बीएसएफ ने कुछ ही घंटों बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी की उस नागरिक को पाकिस्तानी रेंजर को सौंप कर इंसानित का संदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा पर मुस्तैद सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को रामगढ़ सेक्टर में भारतीय क्षेत्र की तरफ आता देखा। जवान अलर्ट हो गए। जैसे ही वह भारतीय क्षेत्र में करीब दो सौ मीटर अंदर तक आ गया कि उसे घेर कर दबोच लिया गया। बीएसएफ के जवानों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। उस पासकिस्तानी नागरिक ने अपना नाम रहमान बताया और कहा कि वह सीमावर्ती इलाका शकड़गढ़ का रहने वाला है।
काफी पूछताछ के बाद बीएसएफ को लगा कि वह सचमुच में भूलवश भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया है। वह कोई घुसपैठिया नहीं है। तब बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजर को इस बारे में जानकारी दी और फ्लैग मीटिंग के लिए आमंत्रित किया। आखिरकार मीटिंग के दौरान रहमान को सम्मान के साथ पाकिस्तानी रेंजर को सौंप दिया। पाकिस्तानी रेंजरों ने बीएसएफ की इस पहल की सराहना की। वहीं रहमान ने भी सीमा सुरक्षा बल के व्यवहार पर प्रसन्नता जाहिर की।
Edited By Lokesh Chandra Mishra