परिहार बंधुओं की हत्या मामले में भाजयुमो की रैली
परिहार बंधुओं की हत्या के मामले की जांच में हो रही देरी के खिलाफ बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक की अगुआई में रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं पर जांच में रोड़ा अटकाने का भी आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, किश्तवाड़ : परिहार बंधुओं की हत्या के मामले की जांच में हो रही देरी के खिलाफ बुधवार को किश्तवाड़ में भाजयुमो ने रैली निकाली। रैली की अगुआई पूर्व विधायक सुनील शर्मा ने की। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने परिहार बंधुओं की हत्या जांच में एनआइए द्वारा ढील बरतने और पुलिस प्रशासन द्वारा एनआइए का सहयोग न करने का भी विरोध किया। आरोप लगाया कि किश्तवाड़ प्रशासन और पुलिस प्रशासन मामले में ढील बरत रहे हैं और एनआइए की मदद नहीं कर रहे हैं।
रैली के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि अगर जल्द परिहार बंधुओं के हत्यारों को नहीं पकड़ा तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि बता दें कि भाजपा के राज्य सचिव अनिल परिहार और उनके भाई अजीत परिहार की एक नवंबर को हत्या कर दी गई थी। दो महीने दस दिन के बाद भी परिहार बंधुओं के हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा है। इसी कारण भाजपा की युवा इकाई ने किश्तवाड़ में प्रदर्शन कर चुकी है।
वहीं रैली के दौरान भाजयुमो ने नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी के एमएलसी को भी लपेटे में लिया। उन्होंने दोनों पार्टियों ने नेताओं पर परिहार बंधुओं के हत्यारों को ढूंढने में पुलिस के काम में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया।
उधर, एनआइए अपनी जांच की किसी को जानकारी नहीं दे रही है। इसके अलावा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसके पुलिस की कोई दखलअंदाजी नहीं है। एनआइए जितना काम कहती है पुलिस उसको पूरा करती है।