J&K BJP: डिजिटल श्रद्धांजलि सभा में भाजपा ने दी प्रो चमन लाल को श्रद्धांजलि
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को डिजिटल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो चमनलाल गुप्ता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।प्रो गुप्ता का 18 मई को 87 साल की आयु में निधन हो गया था।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को डिजिटल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो चमनलाल गुप्ता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भाजपा के जम्मू कश्मीर प्रभारी तरुण चुग, प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए इस कार्यक्रम के दौरान विधायक, सांसद व केंद्रीय मंत्री के रूप में प्रो चमनलाल गुप्ता द्वारा दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला।प्रो गुप्ता का 18 मई को 87 साल की आयु में निधन हो गया था। वह तीन बार विधायक व 3 बार उधमपुर-डोडा के सांसद रहे।
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में रक्षा राज्यमंत्री के साथ कुछ अन्य मंत्रालयों का भी प्रभार संभाला। जम्मू संभाग के डोडा जिले को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए विलेज डिफेंस कमेटियों के गठन में उनकी अहम भूमिका निभाई। प्रदेश प्रभारी तरुण चुग ने प्रो चमनलाल को भाजपा का एक मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी को क्षति पहुंची है। उन्होंने लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों की बेहतरी के लिए बहुत काम किया।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि प्रो गुप्ता एक राष्ट्रवादी व्यक्ति थे जिन्होंने पूरे देश में सम्मान हासिल किया। उन्होंने एक विधान एक निशान एक प्रधान के लक्ष्य के साथ जम्मू कश्मीर में हुए आंदोलन में भी हिस्सा लिया। प्रो गुप्ता हमारे लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेंगे। वहीं सह प्रभारी आशीष सूद ने कहा कि प्रो चमनलाल गुप्ता ने लोगों के लिए सराहनीय कार्य किया।
इससे डिजिटल श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लेने वालों में संगठन महामंत्री अशोक कौल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक खजूरिया, शमशेर सिंह मन्हास, सत शर्मा, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता, वरिष्ठ नेता चंद्र मोहन शर्मा, चेंबर आफ कामर्स जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता मुख्य थे।