Jammu Kashmir : भाजपा ने 9 कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकाला, 4 को कारण बताओ नोटिस
जिला विकास परिषद चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए भाजपा ने अपने 9 कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। इनके साथ 4 कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर भाजपा की अनुशासन समिति की गाज गिरी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । जिला विकास परिषद चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए भाजपा ने अपने 9 कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। इनके साथ 4 कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। जिला विकास परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों व उन्हें समर्थन देने वालों पर वीरवार को भाजपा की अनुशासन समिति की गाज गिरी।
ऐसे में समिति ने गुजरू नगरोटा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही संतोष कुमारी, बिलावर से चुनाव लड़ रहे शक्ति केंद्र प्रमुख सतीश शर्मा, बिलावर से निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ रहे मक्खन लाल, उन्हें समर्थन दे रहे शक्ति केंद्र प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, बसोहली से चुनाव लड़ रही महिला मोर्चा की जिला महासचिव नीना रकवाल, कार्यकर्ता गुरमेल सिंह, बिलावर से चुनाव लड़ रहे युवा मोर्चा के लोकेश सुंबरिया को पार्टी से बाहर कर दिया गया। वहीं रामबन जिले में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए दो कार्यकर्ता को भाजपा से निकाल दिया गया। इनमें रामबन से निर्दलीय चुनाव से चुनाव लड़ रहे रामबन मंडल के उप प्रधान तीरथ सिंह व भाजयुमो के मंडल प्रधान रणबीर सिंह शामिल हैं।
अनुशासन समिति की सिफारिश पर पार्टी ने इन सभी कार्यकर्ताओं की भाजपा की प्राथमिक सदस्यता वीरवार को रद कर दी।वहीं दूसरी ओर भाजपा की अनुशासन समिति ने अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई करते हुए पार्टी के 4 कार्यकर्ताओं को वीरवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। इनमें बिश्नाह के मंडल प्रधान विजय सैनी, आरएसपुरा जिला के उप प्रधान सुरेन्द्र सिंह, भाजपा के प्रेमपाल शर्मा व बिश्नाह के मंडल महासचिव जय भारत को तीन दिन के अंदर यह बताने के लिए कहा गया है कि अनुशासनहीनता के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। इससे पहले भाजपा ने मढ़ से भाजपा के उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बलवीर लाल व उन्हें समर्थन दे रहे शक्ति शर्मा व हरजीत सिंह को 23 नवंबर को पार्टी से बाहर निकाल दिया था।