90 किलो भुक्की के साथ ट्रक चालक काबू
जागरण संवाददाता जम्मू राज्य पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते स्पेशल आपरेशन ग्रुप की सूचना पर
जागरण संवाददाता, जम्मू : राज्य पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते स्पेशल आपरेशन ग्रुप की सूचना पर नगरोटा पुलिस ने ट्रक चालक को मादक पदार्थ भुक्की की तस्करी के आरोप में दबोच लिया। आरोपित के कब्जे से नब्बे किलो भुक्की बरामद हुई। नशे की इस खेप को वह कश्मीर घाटी से लेकर आया था। आरोपित की पहचान परमजीत सिंह निवासी झंडोला, तहसील बाबेन, कुरुक्षेत्र के रूप् में हुई।
मादक तस्करी की पुख्ता सूचना पर एसओजी के जवानों ने टीसीपी नगरोटा में नाका लगाया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने कश्मीर से जम्मू आ रहे ट्रक नंबर
एचआर37डी-1183 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से चार बोरियां बरामद हुई। जिसे टूल बाक्स में छूपा कर रखा गया था। इस बोरियों को जब पुलिस कर्मियों ने खोल कर देखा तो उसके अंदर मादक पदार्थ भुक्की बरामद हुई थी। ट्रक के चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। उसे पूछताछ के लिए नगरोटा पुलिस थाने में ले जाया गया। आरोपित ने खुलासा किया कि वह भुक्की को कश्मीर से कुरुक्षेत्र लेकर जाने की फिराक में था। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपित इससे पूर्व भी नशे की खेप को राज्य से बाहर तो लेकर नहीं गया है।
वहीं, नरवाल पुलिस ने मादक पदार्थ गांजे की तस्करी में संलिप्त महिला को दबोच लिया। आरोपित महिला की पहचान रीना देवी निवासी राजीव नगर के रूप में हुई। नरवाल पुलिस ने राजीव नगर में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एक महिला को पुलिस कर्मियों ने जांच के लिए रोका। महिला की तलाशी के दौरान उसके पास से मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। महिला को पूछताछ के लिए सीधे थाने में ले जाया गया। त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में महिला के विरुद्ध मामले को दर्ज कर लिया गया।