JKPCC: प्रदेश कांग्रेस की गतिविधियों को तेजी देगा आजाद आैर अंबिका सोनी का जम्मू दौरा
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के दौरे से निश्चित तौर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गतिविधियों को बल मिलेगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। राज्यसभा में विपक्ष के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी अंबिका सोनी का जम्मू का दो दिवसीय जम्मू दौरा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में कांग्रेस की गतिविधियों को तेजी देगा। प्रदेश नेतृत्व काे दिशा निर्देश मिलेंगे। पार्टी का आधार मजबूत बनाने के लिए रणनीति भी बनाई जाएगी। इस समय केंद्र की सत्ताधारी पार्टी भाजपा नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। हालांकि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था। महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी प्रदर्शन हुए लेकिन बड़े पैमाने पर पार्टी की गतिविधियां अभी तक चल नहीं पा रही है।
पिछले दिनों पार्टी के प्रदेश प्रधान जीए मीर के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल कश्मीर जाना चाहता था लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। मीर, ताराचंद और रमण भल्ला को नजरबंद कर लिया गया था जिन्हें बाद में रिहा किया गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कश्मीर से कई नेता जम्मू पहुंचे है। आजाद और अंबिका सोनी की कश्मीर के नेताओं से बातचीत होगी। दोनों नेता जम्मू कश्मीर के राजनीतिक परिदृश्य, सुरक्षा हालात का जायजा लेने के लिए आ रहे है। केंद्र सरकार और भाजपा को घेरने के लिए रणनीति भी बनाई जाएगी।
पार्टी की कार्यकारी समिति की बैठक भी होगी। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद इन दोनों नेताओं ने एक-एक दौरा किया था। इस समय तीन पूर्व मुख्यमंत्री कश्मीर में नजरबंद है। कुछ नेता भी नजरबंद है। कांग्रेस सारे विपक्षी नेताओं की रिहाई की मांग करती रही है ताकि राजनीतिक गतिविधियों को तेजी दी जा सके। इस समय नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी की गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई है।
ऐसे में कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए अपनी सक्रियता को बढ़ा रही है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के दौरे से निश्चित तौर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गतिविधियों को बल मिलेगा। आजाद और अंबिका सोनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जिला प्रधानों से मुलाकात करेंगे।