अनुराग ठाकुर ने कहा: डीडीसी चुनाव के नतीजों से महबूबा मुफ्ती को करारा जवाब मिला है
केंद्रीय मंत्री व जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में तिरंगे का अपमान करने वाली महबूबा मुफ्ती को जिला विकास परिषद चुनाव के नतीजों से करारा जवाब मिला है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : केंद्रीय मंत्री व जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में तिरंगे का अपमान करने वाली महबूबा मुफ्ती को जिला विकास परिषद चुनाव के नतीजों से करारा जवाब मिला है। 75 सीटें लेकर भाजपा जम्मू कश्मीर के सबसे बड़ी पार्टी बनी है। पार्टी को गुपकार के दलों से अधिक वोट मिले। ठाकुर ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों ने पीपुल्स अलायंस पर गुपकार डेक्लेरेशन के दलों को नकारा कर भाजपा के हाथ विकास की कमान सौंप दी। वह बुधवार को जम्मू में पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा को प्रदेश में सबसे अधिक वोट मिलना स्पष्ट संकेत है कि लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास है। यही कारण है कि भाजपा को कश्मीर में भी तीन सीटें मिली हैं। प्रदेश भाजपा विकास को तेजी देने का लक्ष्य लेकर लोगों के बीच आई थी। ऐसे में लोगों ने पार्टी को बड़े पैमाने पर वोट देकर उस पर विश्वास जताया है। भाजपा की शानदार जीत जम्मू-कश्मीर के लोगों की जीत है। पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा है कि भाजपा जम्मू कश्मीर में अपनी विकास को तेजी देने की मुहिम जारी रखेगी। ऐसे में अपनी अधिक से अधिक परिषदों का गठन कर लोगों को सशक्त बनाया जाएगा। रैना ने कहा कि पार्टी के 75 उम्मीदवारों के साथ भाजपा के सहयोगी कई निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं। उन्होंने लोगों भाजपा की कामयाबी के लिए लोगों का आभार भी जताया।