अनुराग ठाकुर ने कहा जम्मू कश्मीर के लोगों को बुलेट नहीं, बैलेट पर भरोसा
जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव शनिवार से शुरू हो गए हैं और भाजपा ने कश्मीर केंद्रित दलों को आड़े हाथों लेते हुए जनमत को दिशा देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
जागरण संवादाता, जम्मू: जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव शनिवार से शुरू हो गए हैं और भाजपा ने कश्मीर केंद्रित दलों को आड़े हाथों लेते हुए जनमत को दिशा देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश के चुनाव प्रभारी बनाए गए अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग बैलेट की राजनीति में विश्वास रखते हैं ना कि बुलेट की सियासत में। बड़ी संख्या में लोगों का लोकतंत्र की प्रक्रियाओं से जुड़ना एक अच्छा उदाहरण है।
कश्मीर केंद्रित दलों के पीपुल्स एलायंस पर सवाल उठाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों में विभाजन की राजनीति पर भरोसा नहीं है, जैसा कि पीपुल्स एलायंस द्वारा प्रचारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पिछले छह साल के कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में समान विकास हुआ है। बुनियादी ढाचे और विकास परियोजनाओं से जम्मू कश्मीर को बहुत फायदा हुआ है। विकास और शांति का माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
अनुराग ठाकुर शनिवार को त्रिकुटा नगर स्थित मुख्यालय में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवदेव सिंह व कई सरपंचों भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर जम्मू कश्मीर उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, कार्यक्रम प्रभारी अजय परगाल, मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा भी उपस्थित थे। पीडीपी-नेकां का दौर गुजर चुका
ठाकुर ने कहा कि जम्मू कश्मीर में पीडीपी और नेकां के दौर का अंधकारमय समय अब गुजर चुका है। अब प्रगति और समृद्धि का दौर शुरू हो गया है। जिला विकास परिषद के चुनाव विश्वास और परिवर्तन की राह दिखाएंगे। जम्मू कश्मीर में पहली बार हो रहे डीडीसी चुनावों में भारी संख्या में लोग घरों से निकल कर मतदान केंद्रो तक पहुंच कर वोट डाल रहे हैं। यह जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की जीत है और यहां की जनता ने बुलेट पर बैलेट भारी का बहुत ही स्पष्ट संदेश दिया है।