अनंतनाग सीट के दावेदारों में 5 करोड़पति, जीएम मीर सबसे अमीर
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अनंतनाग संसदीय सीट के लिए मैदान में उतरे 18 उम्मीदवारों में से 5 करोड़पति हैं।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अनंतनाग संसदीय सीट के लिए मैदान में उतरे 18 उम्मीदवारों में से 5 करोड़पति हैं। महबूबा मुफ्ती समेत दो महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दो के खिलाफ संगीन आपराधिक मामले हैं तो 4 उम्मीदवारों पर देनदारी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी के उम्मीदवार जीए मीर 14 करोड़ की चल, अचल संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके बाद नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार हसनैन मसूदी 8 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। पीपुल्स कांफ्रेस के उम्मीदवार चौधरी जफ्फर अली 2.32 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर है। निर्दलीय उम्मीदवार अली मोहम्मद वानी की संपत्ति 1.31 करोड़ व भाजपा के सोफी युसूफ की संपत्ति 1.17 करोड़ रुपये है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की संपत्ति 89 लाख रुपये है। अनंतनाग संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.66 करोड़ रुपये है। यह जानकारी उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र भरने के दौरान दिए गए हल्फनामे में है। अठारह उम्मीदवारों में 2 महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी प्रधान महबूबा मुफ्ती के साथ रिदवाना सनम मैदान में दूसरी महिला उम्मीदवार हैं। वह प्रोफेशनल ग्रेजुएट हैं। वहीं भाजपा के उम्मीदवार सोफी युसूफ इकलौते अशिक्षित उम्मीदवार हैं। अन्य उम्मीदवारों में 2 आठवीं पास, 2 दसवीं पास, 3 बारहवीं पास, 5 ग्रेजुएट, 3 पोस्ट ग्रेजुएट व 2 प्रोफेशनल ग्रेजुएट हैं।
पांच उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं, इनमें से 2 के खिलाफ संगीन मामले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ मानहानि का मामला है।
पांच प्रत्याशियों पर देनदारी
अनंतनाग संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे पांच उम्मीदवारों पर देनदारी है। निर्दलीय शम्स ख्वाजा पर 2 करोड़ रुपये की देनदारी है। उनकी चल अचल संपत्ति 44 हजार रुपये है। निर्दलीय जुबैर मसूदी की देनदारी 14 लाख है तो क्यासिर अहमद शेख की देनदारी 2 लाख रुपये है।