Jammu Kashmir: पेट्रोल-डीजल के दाम वृद्धि के साथ अब किराया बढ़ाेतरी को भी मुद्दा बनाएगी कांग्रेस
Jammu Kashmir Pradesh Congress प्रदेश में वाहनों के किराए में वृद्धि ऐसे हालात में हुई है जब कांग्रेस इस मुद्दे पर पहले से ही सड़कों पर है। अब तक जम्मू शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रदेश कांग्रेस पेट्रोल-डीजल के दाम वृद्धि के मुद्दे पर चार धरने प्रदर्शन कर चुकी है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: पेट्रोल-डीजल के दाम वृद्धि पर भाजपा सरकार को घेर रही कांग्रेस अब अपने प्रदर्शनों में सार्वजनिक वाहनों के किराए में उन्नीस प्रतिशत बढ़त को जोरशोर से मुद्दा बनाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविन्द्र शर्मा ने भाजपा सरकार पर अपने फैसलों से लगातार लोगों पर बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया। शुक्रवार को यहां जारी बयान में रविन्द्र शर्मा ने कहा कि सरकार ने वाहनों के किराए बढ़ाकर अपने जनविरोधी होने का सबूत दिया है। पहले सरकार ने पेट्रोल, डीजल पर जरूरत से ज्यादा टैक्स लगाकर इन्हें मंहगा किया व अब आम लोगों पर इसका बोझ डाला जा रहा है।
कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि सरकार लगातार मंहगाई को बढ़ाकर आम लोगों का सब्र आजमा रही है। समय की मांग थी कि सरकार पेट्रोल-डीजल को सस्ता करती। ऐसा न करने से अब लोगों के लिए सार्वसनिक वाहनों में सफर करना मंहगा हो गया है। शर्मा ने जोर दिया कि सरकार लोगों को अतिरिक्त करों की मार देने के बजाए बढ़ती मंहगाई पर अंकुश लगाने की दिशा में काम करे।
प्रदेश में वाहनों के किराए में वृद्धि ऐसे हालात में हुई है जब कांग्रेस इस मुद्दे पर पहले से ही सड़कों पर है। अब तक जम्मू शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रदेश कांग्रेस पेट्रोल-डीजल के दाम वृद्धि के मुद्दे पर चार धरने, प्रदर्शन कर चुकी है। मंहगाई पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के सरकार को घेरने के लिए प्रदर्शनों का यह सिलसिला 30 मार्च तक चलना है।