बारिश की फुहारों से लुढ़का पारा, बढ़ी ठिठुरन
जागरण संवाददाता जम्मू पिछले तीन दिन से आसमान में बादल छाए रहे। बुधवार को सुबह से दिन भर
जागरण संवाददाता, जम्मू : पिछले तीन दिन से आसमान में बादल छाए रहे। बुधवार को सुबह से दिन भर रुक-रुक कर बारिश की रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। वहीं, उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर भी देखने को मिल रहा है। इससे दिन के तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार वीरवार से मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद ठंड और बढ़ेगी। बुधवार को सुबह पहले पहर बारिश होने के बाद सुबह का मौसम अच्छा रहा, लेकिन धीरे-धीरे ठंड बढ़ती ही गई। बुधवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान लुढ़क कर 16.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंड से बचने के लिए शहर में जहां लोगों ने हीटर जलाए, वहीं गांवों में दिनभर ग्रामीण अलाव के सामने बैठे रहे। लोगों को भारी गर्म कपडे़ निकालने पडे़ हैं। बढ़ती ठंड के बीच शहर की रफ्तार थमी-थमी रही। आम दिनों के मुकाबले बाजारों में भी रौनक बहुत कम रही। दोपहिया वाहनों पर चलना भी मुश्किल हो रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार वीरवार से मौसम साफ होने लगेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान भी कुछ दिनों तक सामान्य से नीचे ही रहेगा। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी, लेकिन इससे ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। धूप निकलने पर बर्फ पिघलेगी जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। फिलहाल अब जल्द बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन इस बारिश के बाद अब तापमान गिरता ही चला जाएगा और ठंड पूरा जोर पकड़ लेगी।