Guinness Book of World Record 2021: जम्मू के अभिषेक ने बनाया विश्व रिकार्ड, एक मिनट में 50 शब्दों काे किया सही स्पेल
जम्मू के राजपुरा में रहने वाले अभिषेक ने गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है। कंप्यूटर इंजीनियरिंग मेें बी.टेक कर रहे अभिषेक ने एक मिनट में पचास शब्दों को सही स्पेल कर इस विश्व रिकार्ड को अपने नाम कर पूरे जम्मू का नाम रोशन किया है।
जम्मू, सुरेंद्र सिंह। Guinness Book of World Record 2021, जम्मू के राजपुरा में रहने वाले अभिषेक ने गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है। कंप्यूटर इंजीनियरिंग मेें बी टेक कर रहे अभिषेक ने एक मिनट में पचास शब्दों को सही स्पेल कर इस विश्व रिकार्ड को अपने नाम कर पूरे जम्मू का नाम रोशन किया है। उनसे पहले यह रिकार्ड 45 शब्दों का था जो अभिलाष मोदी के नाम था जिसे 26 सितंबर, 2020 काे अभिषेक ने तोड़ दिया।
अभिषेक ने बताया उसने पांच शब्दों के स्पेल में विश्व रिकार्ड बनाया है। अभिषेक ने बताया कि वह पहले इस रिकार्ड को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद तोड़ना चाहता था। उसने रोजाना दो से तीन घंटे स्पेलिंग बोलने का अभ्यास शुरू कर दिया था। उसके लिए अभ्यास किसी चुनौती से कम नहीं था लेकिन उसने इसे पूरा करने की ठान ली थी। उसे अपने पर जब भरोसा हो गया तो उसने इस चुनौती को 26 सितंबर, 2020 को पूरा कर लिया। अभिषेक को गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से 6 फरवरी को प्रशिस्त पत्र मिला जिसमें उसे 5 शब्दों के स्पेल में रिकार्ड होल्डर घोषित किया गया।
जम्मू यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग से बी.टेक कर रहे अभिषेक को इससे पहले भी गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड से सबसे लंबी अवधि के नाटक येस थैंक यू यूनिवर्स के लिए प्रशस्ति पत्र मिल चुका है। इस नाटक को बालीवुड फिल्म निर्माता विक्रांत महाजन ने जम्मू में 12-13 अगस्त, 2015 में मंचित किया था जिसकी अवधि 24 घंटे 20 मिनट और 2 सेकेंड थी। अभिषेक का कहना है कि वह बहुत खुश है। वह आगे भी कुछ और रिकार्ड बनाने का प्रयास कर रहा है और उनके लिए वह लगातार अभ्यास कर रहा है।