Road Accident in Jammu: नामी व्यापारी की सड़क हादसे में मौत, विजिलेंस रोटरी के नजदीक डिवाइडर पर चढ़ी कार
विजिलेंस रोटरी के नजदीक तेज रफ्तार एक कार रोड पर बने डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में कार में सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक संजय चौधरी पुत्र विजय महाजन शक्तिनगर का रहने वाला था। वह शहर का एक नाम व्यापारी था।
जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के महेशपुरा चौक के नजदीक सोमवार को विजिलेंस रोटरी के नजदीक तेज रफ्तार एक कार रोड पर बने डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में कार में सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक संजय चौधरी पुत्र विजय महाजन शक्तिनगर का रहने वाला था। वह शहर का एक नाम व्यापारी था। वह केसी परिवार का सदस्य था। मामले में कार्रवाई करते हुए बख्शी नगर पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर जीएमसी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब छह बजे संजय चौधरी अपनी कार नंबर जेके02सीएल-9134 में सवार होकर केसी चौक से महेशपुरा चौक की ओर जा रहा था। जैसे ही उसकी कार विजिलेंस रोटरी पर पहुंची तो तेज रफ्तार के कारण मोड़ काटते समय कार अनियंत्रित हाे गई और वह अचानक से सड़क के बीचोबीच रोड डिवाइडर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि कार का स्टेरिंग संजय की छाती पर लगा, जिससे वह अचेत हो गया। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल लाया गया। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया बता दिया।
एसएचओ बक्शी नगर मनजीत सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बख्शी नगर पुलिस थाने में मामले को दर्ज कर लिया गया है। ज्ञात रहे कि तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और गति सीमा का पालन करने के लिए वाहन चालकों को अक्सर जागरूकता किया जाता रहा है। मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक न सिर्फ खुद को खतरे में डालते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी खतरनाक साबित होते हैं।