Coronavirus: जम्मू कश्मीर में कोविड मरीजों के लिए 600 वेंटिलेटर मौजूद, 48 गंभीर मरीज वेंटिलेटर पर भर्ती
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए 600 वेंटिलेटर लगाए गए हैं। इनमें से गंभीर रूप से 48 संक्रमित मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा प्रदेश में ऑक्सीजन की भी पर्याप्त व्यवस्था है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए 600 वेंटिलेटर लगाए गए हैं। इनमें से गंभीर रूप से 48 संक्रमित मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा प्रदेश में ऑक्सीजन की भी पर्याप्त व्यवस्था है।
प्रदेश के वित्तीय आयुक्त अटल ढुल्लू ने यह बात नागरिक सचिवालय में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सबसे पहले कोरोनो संक्रमण को रोकने के लिए टीकाकरण करवाना बहुत जरूरी है। इसके अलावा सरकार की ओर से जारी एसओपी का सख्ती से पालन भी बहुत आवश्यक है। उन्होंने कोरोना संक्रमण के मामलों पर काबू पाने के लिए सरकार द्वारा जारी किए जा रहे कायोंं के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सरकार पांच मूल मंत्रों पर काम कर रही है। इनमें टेस्टिंग, कंटोनमेंट, आइसोलेशन, इलाज, एसओपी का पालन और टीकाकरण शामिल है।
अटल ढुल्लू ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में कोरोना के टेस्ट बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। जितने ज्यादा टेस्ट होंगे उतने ही मामले सामने आएंगे और समय रहते इन पर अंकुश लगाने पर भी मदद मिलेगी। उन्होंने आरटीपीसीआर की रिपोर्ट जल्द से जल्द मरीजों व उनके तीमारदारों को उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट स्थापित करने के काम में तेजी लाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित जिलों के जिला आयुक्तों से समय-समय पर कोविड केंद्रों और अस्पतालों में सुविधाओं का जायजा लेने के लिए भी कहा। उन्होंने साफतौर पर कहा कि इस मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कोई भी एसओपी का नियमों का पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय आयुक्त अटल ढुल्लू ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के प्रत्येक अस्पतालों में ऑक्सीजन के सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में हैं। भविष्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को मद्देनजर रखते हुए पल-पल की जानकारी से प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को अवगत करवाया जा रहा है। केंद्र सरकार से भी इस संबंध में लगातार संपर्क में हैं।