अखनूर के खौड़ में पाकिस्तान की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे भारतीय जवान, चार सैनिक घायल
सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने के लिए गोलाबारी कर रहे पाकिस्तान ने सोमवार को जम्मू जिले के अखूनर में नियंत्रण रेखा पर गोले दाग कर भारतीय सेना के 4 जवानों को घायल कर दिया। पाकिस्तान ने अखनूर में सीमांत चाैकियों को निशाना बना गोले दागना शुरू कर दिया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने के लिए गोलाबारी कर रहे पाकिस्तान ने सोमवार को जम्मू जिले के अखूनर में नियंत्रण रेखा पर गोले दाग कर भारतीय सेना के 4 जवानों को घायल कर दिया। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने सोमवार सुबह अचानक अखनूर में सीमांत चाैकियों, रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागना शुरू कर दिया। भारतीय सेना ने इस गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया।
इस दौरान क्षेत्र के नत्थू टिब्बा के ललयाली में पाकिस्तान की ओर से सुबह ग्यारह बजे के करीब दागा गया मोर्टार फटने से गोलाबारी का जवाब दे रहे 4 सैनिक घायल हो गए। उपचार के लिए इन जवानों को उनके साथियों ने अखनूर के अस्पताल में पहुंचाया। बाद में बेहतर उपचार के लिए इन सैनिकों को उधमपुर के कमान अस्पताल में ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, इन घायल सैनिकों की पहचान नायक निशिकांत, नायक सुरजीत, नायक राजेन्द्र व नायक राहुल के रूप में हुई है। सेना द्वारा इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीकी गई है। पाकिस्तान नए साल में जम्मू संभाग के हीरानगर के साथ अखनूर के खौड़ क्षेत्र में सीमा के हालात खराब करने के लिए गोले दाग रहा है। सीमा सुरक्षा बल ने हाल ही में कठुआ जिले के हीरानगर इलाके में कुछ दिन पहले पाकिस्तान की ओर से सीमा पर खोदी गई सुरंग का पर्दाफाश किया था। इसके बाद से पाकिस्तान की ओर से क्षेत्र में गोलाबारी तेज कर दी गई है। पाकिस्तान ने गत वर्ष जम्मू कश्मीर में पांच हजार से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र में गोलाबारी की थी। नए साल में भी पाकिस्तान सीमा पर कड़े तेवर दिखाते हुए लगातार गोलाबारी कर रहा है। इस गोलाबारी का सेना, सीमा सुरक्षाबल की ओर से उचित जवाब दिया जा रहा है।