डायरेक्टर हेल्थ और डॉक्टर सहित 323 लोगों में संक्रमण की पुष्टि
जम्मू जिले में चलाए जा रहे रैपिड एंटीजन टेस्ट अभियान में शुक्रवार को संक्रमित आने वाले मरीजों में कोई कमी देखने को नहीं मिली।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू जिले में चलाए जा रहे रैपिड एंटीजन टेस्ट अभियान में शुक्रवार को संक्रमित आने वाले मरीजों में कोई कमी देखने को नहीं मिली। शुक्रवार को 323 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें जम्मू के स्वास्थ्य निदेशक के अलावा उप मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जम्मू और दो अन्य डॉक्टर शामिल हैं।
शुक्रवार को जम्मू जिले में कुल 1531 लोगों के टेस्टों की जांच हुई। इनमें 323 संक्रमित आए। सबसे अधिक मरीज जम्मू शहर में आए। यहां पर पहले से संक्रमित आए मरीजों के संपर्क में आने वालों के टेस्ट हुए। कुल 678 में से 129 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसी तरह कई मरीजों के सैंपलों के टेस्ट फिर से हुए। उनमें से भी 37 मरीजों के सैंपल फिर से पाजिटिव आए। इसके अलावा जम्मू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पांच लोग संक्रमित आए। इसी तरह गांधीनगर अस्पताल में 26, अखनूर में दस, बिश्नाह में 12, डंसाल 12, कोट भलवाल आठ, मढ़ में 13, प्लावांला में छह, आरएस पुरा में चार और सौहांजना में 13 और मोबाइल वैन सैंपलिग में 53 लोगों के सैंपल संक्रमित आए। इसके साथ ही अब तक रैपिड एंटीजन टेस्टों में जम्मू जिले में 4570 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।