Pulse Polio Abhiyan 2021: जम्मू कश्मीर में 20 लाख बच्चों को दिए जाएंगे पोलियो रोधी ड्रॉप, तैयारी अंतिम चरण में
करीब बीस लाख बच्चों को पोलियो वैक्सीन दी जाएगी। कोरोना के चलते इस बार अभियान में शामिल सभी कर्मचारियों को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शनिवार से कोरोना वैक्सीन अभियान भी इससे प्रभावित रहेगा।जम्मू-कश्मीर में पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत सरवाल अस्पताल से होगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू-कश्मीर में रविवार से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पांच वर्ष की उम्र तक के करीब बीस लाख बच्चों को पोलियो वैक्सीन दी जाएगी। कोरोना के चलते इस बार अभियान में शामिल सभी कर्मचारियों को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शनिवार से कोरोना वैक्सीन अभियान भी इससे प्रभावित रहेगा।जम्मू-कश्मीर में पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत सरवाल अस्पताल से होगी।
इस अस्पताल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तिय आयुक्त अटल ढुल्लू एक नवजात को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर शुरूआत करेंगे। इसके बाद पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा। जम्मू जिले में करीब 2.29 लाख बच्चों को वैक्सीन दी जाएगी। पहले यह अभियान 17 जनवरी को चलना था लेकिन कोरोना वैक्सीन अभियान शुरू होने के कारण इसे 31 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया था। वहीं दूरदराज के सभी जिलों में वैक्सीन पहले से ही पहुंचा दी गई है। बस अड्डा, रेलवे स्टेशन के अलावा झुग्गियों में विशेष ध्यान दिया जाता है।
अभियान के दौरान जम्मू जिले में शनिवार को भी सीमित केंद्रों पर ही कोरोना वैक्सीन के टीके स्वास्थ्य कर्मियों को लगाए जाएंगे। अन्य जिलों में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। वहीं रविवार से लेकर बुधवार तक कोरोना वैक्सीन अभियान नहीं होगा। वीरवार से इसे फिर से शुरू किया जाएगा। जम्मू के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. जेपी सिंह का कहना है कि पल्स पोलियो अभियान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को सभी केंद्रों में वैक्सीन भेज दी जाएगी। पहले दिन विशेष रूप से बनाए गए केंद्रों में अभियान चलाया जाएगा। सोमवार और मंगलवार को बचे हुए बच्चों को वैक्सीन देने के लिए उनके घरों में मोबाइल टीमें जाएंगी। इस दौरान कोरोना की एसओपी का पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैँ।