Coronavirus: ऊधमपुर जिला अस्पताल में 2 डॉक्टर, 17 पैरा मेडिकल स्टाफ पॉजिटिव
डीसी उधमपुर डाॅ. पीयूष सिंगला ने भी इस बात की पुष्टि की कि उधमपुर में दो डॉक्टरों और 17 पैरा-मेडिकल स्टाफ सदस्यों के सैंपल पाॅजिटिव पाए गए है।
ऊधमपुर, जेएनएन। ऊधमपुर जिला अस्पताल में दो डाक्टरों समेत 19 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि ये लोग पहले से ही क्वारंटाइन में रखे गए हैं। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इन डॉक्टरों ने करीब दो सप्ताह पहले रामनगर से आई एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया था, जो बाद में पॉजिटिव पाई गई। उसके संपर्क में आए पांच डॉक्टरों समेत 28 स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारंटाइन किया गया था। आज बुधवार जब सभी स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट आई तो उसमें दो डॉक्टर और 17 पैरा मेडिकल स्टाफ के सदस्य पॉजिटिव पाए गए।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार गत दिनों 28 मई को रामनगर से गर्भवती महिला को जिला अस्पताल ऊधमपुर रेफर किया गया था। अस्पताल में पहुंची इस महिला के सैंपल कोरेाना जांच के लिए भेजे जाते, इससे पहले ही महिला की हालत खराब हो गई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया। दो दिन बाद उसकी हालत स्थिर होने पर उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। दो जून को सैंपल की रिपोर्ट आई और वह महिला पॉजिटिव पाई गई।
इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। महिला के संपर्क में आए करीब 29 स्वास्थ्य कर्मियों जिनमें पांच डॉक्टर भी शामिल थे, को क्वारंटाइन कर दिया गया। कुछ दिन निगरानी में रखने के बाद मंगलवार को डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। आज सुबह रिपोर्ट आने पर दो डॉक्टर और 17 पैरा मेडिकल स्टाफ कर्मी पॉजिटिव पाए गए। डीसी ऊधमपुर पीयूष सिंगला ने ट्वीट करते हुए यह जानकारी भी दी कि पिछले 4 दिनों में 1000 से अधिक नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद आज जिले में 19 पाॅजिटिव मामले सामने आए हैं। ये सभी जिला अस्पताल ऊधमपुर के कर्मचारी हैं। इनमें दो डॉक्टर, 17 पैरा मेडिकल स्टाफ के सदस्य हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को COVID वार्ड में भेज दिया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों का भी पता लगया जा रहा है।
वे हाई रिस्क वाले संपर्क में बताए जाते हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इनके अलावा रामनगर अस्पताल में भी करीब 12 स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारंटाइन किया गया है, अभी उनकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।
इसी के साथ ऊधमपुर जिले में COVID-19 मामलों की संख्या बढ़कर 150 हो गई है। इनमें देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से लौटे 89 लोग भी शामिल हैं। कोरोना संक्रमण के कारण अभी तक जिले में एक मौत हुई है। मरने वाला महिला मरीज टिकरी की रहने वाली थी। इसके अलावा 34 मरीजों को स्वास्थ्य पाए जाने पर अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।