जन्म प्रमाणपत्र समेत 14 सेवाएं आज से आनलाइन
प्रदेश में अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र डेयरी पंजीकरण और रेहड़ी लाइसेंस समेत 14 सेवाएं आनलाइन ही उपलब्ध होंगी। आनलाइन मिलने वाले लाइसेंस और अनुमति पत्र पर संबंधित अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर होंगे। यह पूरी तरह मान्य होंगे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू: प्रदेश में अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, डेयरी पंजीकरण और रेहड़ी लाइसेंस समेत 14 सेवाएं आनलाइन ही उपलब्ध होंगी। आनलाइन मिलने वाले लाइसेंस और अनुमति पत्र पर संबंधित अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर होंगे। यह पूरी तरह मान्य होंगे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को नगर निकायों की 14 ई-सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि आवास एवं शहरी विकास विभाग के अधीनस्थ नगर निकायों की अब 14 सेवाओं के लिए लोगों का सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्हें यह सभी सेवाएं अब आनलाइन ही मिल जाएंगी। उन्हें आनलाइन ही आवेदन करना होगा और संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को आनलाइन आवेदन का संज्ञान लेते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करना होगा। अधिकारियों को यह सेवा तय समय में उपलब्ध करानी होगी। इससे प्रशासनिक कार्यकुशलता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। अगर किसी का आवेदन रद होगा तो उसका पूरा कारण भी स्पष्ट होगा।
उन्होंने बताया कि बैंक, बार, होटल, एटीएम इत्यादि जैसी व्यावसायिक गतिविधियों के लिए, रेड़ही-फड़ी लगान का लाइसेंस प्रापत करने, सड़कों की कटाई-खोदाई, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, सरकारी दस्तावेजों में नाम में सुधार व संशोधन, मोबाइल टॉवर स्थापित करने, दूध डेयरी लगाने, कुत्तों का पंजीकरण और पालतू जानवरों के क्लीनिक एवं व्यापार की अनुमति, नए सीवरेज कनेक्शन क लिए आवेदन जैसी सभी सेवाएं अब पूरे प्रदेश में सभी नगर समितियों और नगर परिषदें आनलाइन उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए आवेदक को संबंधित पोर्टल पर जाकर उस सेवा का चयन करना है, जिसका उसे लाभ लेना है। उसे उसके लिए आनलाइन आवेदन करते हुए संबंधित दस्तावेज अपलोड करने हैं। फीस भी आनलाइन जमा करनी है। इसके बाद बाद संबंधित सेवा के लिए प्रमाणपत्र, लाइसेंस या अनुमति पत्र जारी करने मे समर्थ प्राधिकारी उक्त आवेदन का संज्ञान लेते हुए डिजिटल हस्ताक्षर युक्त प्रमाणपत्र, लाइसेंस का पीडीएफ प्रारूप आनलाइन जारी करेगा। इसे आवेदक डाउनलोड कर, आवश्यकतानुसार प्रयोग कर सकेगा और यह पूरी तरह मान्य होगा।