हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का एलान, मनप्रीत सिंह टीम के कप्तान
हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम की अगुआई मनप्रीत सिंह करेंगे। भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ होगा।
नई दिल्ली, पीटीआइ। 28 नवंबर से भुवनेश्वर में शुरू हो रहे एफआइएच विश्व कप में 18 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम की अगुआई मनप्रीत सिंह करेंगे। टीम के अनुभवी खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह और एसवी सुनील विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं हैं। टीम के अनुभवी स्ट्राइकर सुनील का इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर शुरू से ही संदेह बना हुआ था क्योंकि वो घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। वहीं रुपिंदर पाल को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी टीम में नहीं चुना गया था। सुनील भी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे और भारत व पाकिस्तान को संयुक्त रूप से एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता घोषित किया गया था।
हॉकी विश्व कप में भारत को अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। हॉकी इंडिया ने कहा कि पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक टीम में गोलकीपर की हैसियत से शामिल होंगे जबकि चिंगलेनसना सिंह कंगुजम टीम के उपकप्तान होंगे। ओडीसा के अनुभवी डिफेंजर बिरेंद्र लाकड़ा ने चोट से वापसी करते हुए टीम में जगह बनाई है। अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, कोथाजीत सिंह, वर्ष 2016 जूनियर विश्व कप विनर हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले मिडफील्डर मनप्रीत भी टीम में मौजूद हैं।
गोलकीपर- पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक।
डिफेंडर- हरमनप्रीत सिंह, बिरेंद्र लाकड़ा, वरुण कुमार, कोठाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास।
मिडफील्डर्स- मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसना सिंह कंगुजम (उपकप्तान), नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, सुमित।
फारवर्ड- आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, सिमरनजीत सिंह।