हॉकी विश्व कप फ्लैश बैक: पाकिस्तान बना था पहला विश्व चैंपियन
1971 में पहली बार हॉकी विश्व कप का आयोजन स्पेन में किया गया, जहां 10 टीमों ने भाग लिया।
1971 : पहला विश्व कप
पाकिस्तान बना पहला विश्व चैंपियन
1971 में पहली बार हॉकी विश्व कप का आयोजन स्पेन में किया गया, जहां 10 टीमों ने भाग लिया। पाकिस्तान ने मेजबान स्पेन को 1-0 से हराकर पहला हॉकी विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अपने ग्रुप में सभी मुकाबले जीतने वाली भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने 2-1 से हराया था। इसके बाद भारत ने केन्या को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस विश्व कप में खेले गए 30 मुकाबलों के दौरान कुल 66 गोल किए गए। पाकिस्तान के तनवीर दार ने सर्वाधिक आठ गोल किए।
1973 : दूसरा विश्व कप
नीदरलैंड्स ने तोड़ा भारत का सपना
1973 में हुए दूसरे हॉकी विश्व कप में मेजबान नीदरलैंड्स ने खिताबी जीत हासिल की। भारत के खिलाफ फाइनल में निर्धारित समय तक स्कोर के 2-2 की बराबरी पर खत्म होने के बाद नीदरलैंड्स ने पेनाल्टी स्ट्रोक्स के जरिये मुकाबले को 4-2 से अपने नाम किया। सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स ने पश्चिमी जर्मनी को भी पेनाल्टी स्ट्रोक्स में 4-2 के ही अंतर से हराया था। वहीं, भारत ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। 12 टीमों के इस आयोजन से ऑस्ट्रेलिया ने फंड की कमी की वजह से हटने का फैसला किया था। इसके बाद टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की जगह न्यूजीलैंड ने भाग लिया था।