Move to Jagran APP

मनप्रीत सिंह और रानी रामपाल बने हॉकी इंडिया के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने मनप्रीत सिंह और रानी रामपाल को ट्रॉफी के अलावा 25-25 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Sun, 08 Mar 2020 09:01 PM (IST)Updated: Sun, 08 Mar 2020 09:01 PM (IST)
मनप्रीत सिंह और रानी रामपाल बने हॉकी इंडिया के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
मनप्रीत सिंह और रानी रामपाल बने हॉकी इंडिया के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

नई दिल्ली, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को तीसरे हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार 2019 में ध्रुव बत्रा साल के सर्वश्रेष्ठ भारतीय पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया, जबकि महिला टीम की कप्तान रानी को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया।

loksabha election banner

मनप्रीत और रानी को ट्रॉफी के अलावा 25-25 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। मनप्रीत ने इन पुरस्कारों की दौड़ में हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और सुरेंद्र कुमार को पछाड़ा, जबकि रानी ने दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर और सविता को पीछे छोड़ा।

टोक्यो ओलंपिक 1964 की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे हरबिंदर सिंह को मेजर ध्यान चंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया। वह 1968 मेक्सिको और 1972 म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के भी सदस्य रहे। उन्हें 30 लाख रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कारों के दौरान खिलाडि़यों को एक करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये की इनामी राशि सौंपी गई।

भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने पिछले साल क्रमश: मनप्रीत और रानी की अगुआई में टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालीफाई किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू मौजूद रहे। इसके अलावा भारत की ओर से 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए दीप ग्रेस एक्का, कोथाजीत सिंह खादंगबाम और सविता, जबकि 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए हरमनप्रीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और निक्की प्रधान को 'माइलस्टोन पुरस्कार' दिया गया। एक्का, कोथाजीत और सविता को एक-एक लाख रुपये, जबकि हरमनप्रीत, ललित और निक्की को 50-50 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई।

मनप्रीत को एफआइएच का 2019 का साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, लालरेमसियामी को एफआइएच की 2019 की साल की उभरती हुई महिला खिलाड़ी और विवेक सागर प्रसाद को 2019 का एफआइएच का साल का उभरता हुआ पुरुष खिलाड़ी बनने के लिए सम्मानित किया गया। मनप्रीत को 10 लाख, जबकि लालरेमसियामी और विवेक को पांच-पांच लाख रुपये की इनामी राशि दी गई। रानी को भी 'विश्व गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर 2019' पुरस्कार के लिए 10 लाख रुपये की इनामी राशि दी गई।

साल की 'उत्कृष्ट उपलब्धि' के लिए ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग को हॉकी इंडिया प्रेंजिडेंट्स पुरस्कार दिया गया, जबकि 'बहुमूल्य योगदान' के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण को हॉकी इंडिया जमन लाल शर्मा पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रीय टीमों के मिक्स्ड पुरस्कार में कृष्ण बी पाठक को साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार, हरमनप्रीत सिंह को साल के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार, नेहा गोयल को साल की सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजीत पाल सिंह पुरस्कार और मनदीप सिंह को साल के सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार दिया गया। इन सभी को पांच-पांच लाख रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी दी गई।

विवेक को साल का सर्वश्रेष्ठ उभरता हुआ पुरुष खिलाड़ी (अंडर- 21) के जुगराज सिंह पुरस्कार, जबकि लालरेमसियामी को साल की सर्वश्रेष्ठ उभरती हुई महिला खिलाड़ी (अंडर-21) के असुंता लाकड़ा पुरस्कार के लिए चुना गया। इन दोनों को 10-10 लाख रुपये की इनामी राशि और ट्रॉफी मिली।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.