भारत की जूनियर हॉकी टीम ने बांग्लादेश की सीनियर हॉकी टीम को हराया
भारत की जूनियर हॉकी टीम ने अभ्यास मैच में बांग्लादेश की सीनियर टीम को 4-0 से हरा दिया।
बेंगलुरु। भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में अभ्यास मैच में बांग्लादेश की सीनियर टीम को 4-0 से हरा दिया। जुलाई में होने वाले बेल्जियम दौरे के लिए जूनियर टीम को सही तैयारियां दिलाने के क्रम में इस मैच का आयोजन किश गया था। चौथे मिनट में स्ट्राइकर शैलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारतीय टीम का खाता खोला। लाकड़ा ने 17वें मिनट में दूसरा गोल भी किया और भारत को 2-0 से आगे कर दिया। भारतीय टीम को 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे भुनाते हुए कप्तान दिपसान टिर्की ने तीसरा गोल किया। इसके तीन मिनट बाद ही अभारन सुदेव बेमाग्गा ने गोल कर भारतीय टीम का स्कोर 4-0 कर दिया।
रोहित का पुणे सिटी से करार बढ़ा
इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) की फ्रेंचाइजी एफसी पुणे सिटी ने सेंट्रल मिडफील्डर रोहित कुमार के साथ अपने करार को दो साल के लिए बढ़ा दिया है। रोहित क्लब में 2017 में आए थे। अब वह 2019-2020 तक क्लब में बने रहेंगे। पुणे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव मोडवेल ने कहा, 'पिछले सत्र में हमने जिन खिलाडि़यों को चुना था उनमें से रोहित सबसे ज्यादा प्रतिभाशाली हैं। जब वह डीएसके शिवाजियंस एफसी में थे, तब से हम उन पर नजर रखे हुए हैं। वह मैदान और मैदान के बाहर दोनों जगह शानदार हैं। उनका गेंद को पास करना और खेल की गहरी जानकारी टीम के लिए काफी फायदेमंद होगी।'
लाहिड़ी की सधी शुरुआत
भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने यूएस पीजीए क्विकन लोंस राष्ट्रीय टूर्नामेंट के पहले राउंड में तीन अंडर 67 के स्कोर के साथ शानदार शुरुआत की। इस प्रदर्शन से वह संयुक्त 10वें नंबर पर हैं। पिछले सप्ताह ट्रैवलर्स चैंपियनशिप में 2018 के शीर्ष 10 खिलाडि़यों में शामिल लाहिड़ी ने दूसरे से चौथे होल में चार बर्डी बनाई। वहीं, पहली बार लकड़ी के पुटर का इस्तेमाल कर रहे अमेरिकी गोल्फर टाइगर वुड्स ने कहा कि वह नए पुटर से खुश हैं। उन्होंने इस पुटर से पहले दिन लेवल पार 70 का स्कोर भी किया। हालांकि वह टूर्नामेंट में संयुक्त बढ़त बनाने वाले एंड्रयू लैंड्री और जेजे स्पॉन से सात शॉट पीछे हैं। यह वापसी के बाद वुड्स की 11वीं स्पर्धा है।