हाकी प्रो लीग में टाप पर पहुंचने की कोशिश करेगा भारत, इंग्लैंड के होगा सामना
भारत की अग्रिम पंक्ति ने हालांकि प्रभावशाली प्रदर्शन करके आठ मैचों में 42 गोल किए हैं। मंदीप सिंह विशेष रूप से विपक्षी टीम के सर्कल के अंदर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण गोल किए हैं जिनमें अर्जेंटीना के खिलाफ किया गया विजयी गोल भी शामिल है।
भुवनेश्वर, प्रेट्र। भारतीय पुरुष हाकी टीम एफआइएच प्रो लीग में आठ मैचों के बाद अच्छी स्थिति में है और इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे दो मैचों में जीत दर्ज करके वह तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की कोशिश करेगी।
इस मुकाबले का दूसरा मैच रविवार को खेला जाएगा। टोक्यो ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने अब तक इस सत्र में आठ मैच खेले हैं और वह 16 अंकों के साथ जर्मनी (17 अंक) के बाद तालिका में दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले रक्षापंक्ति भारत के लिए चिंता का विषय है, जो दबाव में बिखर जाती है। भारत ने कुछ गोल आसानी से गंवाए हैं और उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने स्वीकार किया है कि टीम को अपने रक्षण में सुधार करना होगा।
भारत की अग्रिम पंक्ति ने हालांकि प्रभावशाली प्रदर्शन करके आठ मैचों में 42 गोल किए हैं। मंदीप सिंह विशेष रूप से विपक्षी टीम के सर्कल के अंदर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण गोल किए हैं जिनमें अर्जेंटीना के खिलाफ आखिरी मिनट में किया गया विजयी गोल भी शामिल है। मध्यपंक्ति में हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा और सुमित जैसे खिलाड़ी हैं। टीम में चार विश्व स्तरीय ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, वरुण कुमार और युवा जुगराज सिंह हैं जिससे भारत अपने प्रतिद्वंद्वियों पर मजबूत नजर आता है।
जुगराज ने सीनियर टीम में पदार्पण करने के बाद से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अजर्ेंटीना के खिलाफ दूसरे मैच में दो गोल किए थे। भारत ने इससे पहले आखिरी बार इंग्लैंड से टोक्यो ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में खेला था जिसमें उसने 3-1 से जीत हासिल की थी। भारतीय टीम अभी विश्व रैंकिंग में चौथे, जबकि इंग्लैंड सातवें स्थान पर है। इंग्लैंड अभी दो जीत और इतनी ही हार से छह अंक के साथ प्रो लीग तालिका में सातवें स्थान पर है।