पुरुष हॉकी: भारत ने न्यूज़ीलैंड को 3-1 से हराया, लगातार दर्ज़ की दूसरी जीत
दोनों टीमें पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई थीं। 18वें मिनट में भारत को लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिसमें से रूपिंदर तीसरे को गोल में बदलने में सफल रहे।
बेंगलुरु, जेएनएन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) कैंपस में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को 3-1 से हरा दिया। भारत के लिए रूपिंदर पाल सिंह, एस.वी. सुनील और मनदीप सिंह ने एक-एक गोल किए जबकि किवी टीम के लिए स्टीफन जेनेस ने गोल दागा।
दोनों टीमें पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई थीं। 18वें मिनट में भारत को लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिसमें से रूपिंदर तीसरे को गोल में बदलने में सफल रहे। दूसरे हाफ में ही किवी टीम ने बराबरी कर ली। 24वें मिनट में स्टीफन ने भारतीय डिफेंस की गलती का फायदा उठाया और पीआर श्रीजेश की तरफ बढ़े। श्रीजेश ने उन्हें रोकने की कोशिश की जिसमें वो असफल रहे और स्टीफन ने गेंद को गोल में डाल स्कोर 1-1 कर दिया।
सुनील ने हालांकि तीन मिनट बाद ही भारत को आगे कर दिया। सुनील ने सिमरनजीत सिंह से मिली गेंद को नेट में डाला और भारत को दूसरा गोल दिया। चौथे क्वार्टर में कीवी टीम का डिफेंस अच्छा रहा जिसने भारत के कई प्रयासों को नाकाम किया। 56वें मिनट में मनदीप ने बेहतरीन फील्ड गोल कर किवी टीम की वापसी मुश्किल कर दी और भारत को लगातार दूसरी जीत मिली।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें