ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में होगा हॉकी विश्व कप, CM पटनायक ने जताई खुशी
Hockey World Cup Host ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में हॉकी विश्व कप का आयोजन होगा। CM पटनायक ने इस पर खुशी जताई।
भुवनेश्वर, पीटीआइ। Hockey World Cup 2023 Host: हॉकी विश्व कप 2023 की मेजबानी कौन करेगा, इस बात का ऐलान हो गया है। पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के मुकाबले भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित किए जाएंगे। इस बात को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक काफी खुश हैं। बुधवार को सीएम पटनायक ने कहा है कि ओडिशा को इसकी मेजबानी मिलने से यहां के लोग भी खुश होंगे।
आठ नवंबर को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) ने भारत को 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए चुना, जिससे देश लगातार दूसरी बार इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। एफआइएच के अनुसार, पुरुष हॉकी विश्व कप भारत में 13 से 29 जनवरी 2023 के दौरान खेला जाएगा। ये मुकाबले ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला के स्टेडियम में होंगे।
CM ने पूछा क्या आप खुश हैं?
प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कलिंगा स्टेडियम में एक संक्षिप्त समारोह में लोगों से कहा, "हमने 2018 विश्व कप की मेजबानी की और मैं यह घोषणा करना चाहता हूं कि 2023 हॉकी विश्व कप फिर से भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित किया जाएगा। क्या आप खुश हैं? मैं तो बहुत खुश हूं।"
इस समारोह में एफआइएच और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुहम्मद मुश्ताक अहमद, ओडिशा के खेल मंत्री तुषारकांति बेहरा के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। भुवनेश्वर का कलिंगा स्टेडियम 2018 में इस टूर्नामेंट के पिछले सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन करने के बाद लगातार दूसरी बार इसकी मेजबानी करेगा। बेल्जियम में 2018 में कलिंगा स्टेडियम में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था।
पिछले कुछ समय में भुवनेश्वर ने 2017 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2017 एफआइएच हॉकी विश्व लीग फाइनल, 2019 में एफआइएच पुरुष सीरीज फाइनल्स और हाल ही में एफआइएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर जैसे कुछ अहम टूर्नामेंटों का आयोजन किया है। राज्य की राजधानी 2020 के फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप के कुछ मैचों की मेजबानी भी करेगी।