हॉकी वर्ल्डकप 2018: अर्जेटीना को 5-3 से हराकर फ्रांस ने किया उलटफेर
फ्रांस की जीत के साथ स्पेन की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भुवनेश्वर, जेएनएन। फ्रांस ने यहां गुरुवार को कलिंगा स्टेडियम में हॉकी विश्व कप के पूल-ए के दिन के दूसरे मैच में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अर्जेटीना को 5-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ फ्रांस ने पूल-ए में दूसरे स्थान पर रहते हुए क्रॉसओवर में जगह बनाई। वहीं, हार के बावजूद अर्जेटीना पूल में शीर्ष पर रहा और उसने सीधे क्वार्टर फाइनल खेलने का हक पाया। फ्रांस की जीत के साथ स्पेन की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
पहले क्वार्टर में अर्जेटीना ने दबदबा बनाया। वह तीन बार वह गोल करने के करीब आई, लेकिन गोल नहीं कर सकी। 18वें मिनट में ह्यूगो जेनेस्टेट ने गोल कर फ्रांस को एक गोल से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में पांच गोल हुए, जिसमें से चार फ्रांस ने किए। फ्रांस को 23वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस पर विक्टर चार्लेट ने गोल कर फ्रांस को 2-0 से आगे कर दिया।
तीन मिनट बाद अरिस्टिडे कोइस्ने ने फ्रांस को 3-0 से आगे कर दिया। अर्जेटीना की ओर से लुकास मार्टिनेज ने 28वें मिनट में गोल दागा। इस क्वार्टर के आखिरी मिनट में गैसपार्ड बाउमार्गटेन ने बेहतरीन पास पर डाइव मार गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।
अर्जेटीना को तीसरे क्वार्टर में 43वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर गोंजालो पीलाट ने दूसरा गोल दागा। चौथे क्वार्टर में गोंजालो ने 48वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर तीसरा गोल किया। 54वें मिनट में फ्रांकोइस गोएट ने विक्टर लॉकवूड के दायें फ्लैंक से दिए गए पास पर गेंद को नेट में डाल फ्रांस को 5-3 से आगे कर दिया और यहां से अर्जेटीना के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया।