हॉकी इंडिया ने दूसरी बार डोनेट की बड़ी रकम, PM Cares में दान किए एक करोड़ रुपये
हॉकी इंडिया ने देश को कोरोना वायरस जैसी महामारी से लड़ने के लिए बड़ी मदद देने का फैसला किया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। हॉकी इंडिया ने एक बार फिर से कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे देश की मदद करने का फैसला किया है। हॉकी इंडिया ने शनिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष यानी पीएम केयर्स में बड़ी रकम जमा करने का फैसला लिया है। हॉकी इंडिया ने इससे पहले 25 लाख रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराए थे। वहीं, इस बार बोर्ड ने 75 लाख रुपये का और योगदान देने की घोषणा की है।
पहले 25 लाख और फिर अब 75 लाख की मदद करने के साथ ही हॉकी इंडिया इस महामारी में अब तक देश की एक करोड़ रुपये की मदद कर चुका है। इससे पहले हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड ने पीएम केयर्स में 25 लाख रुपये का योगदान देने का फैसला किया था। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा कि वर्तमान संकट को देखते हुए हमें सरकार के साथ खड़े होने की जरूरत है। कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए सरकार वे सब कुछ कर रही हैं, जो कर सकती है।
हॉकी इंडिया से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने भी देश की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया था और 51 करोड़ रुपये की मदद इस संकट की घड़ी में करने का फैसला किया था। बीसीसीआइ ने ये रकम पीएम केयर्स में जमा करा दी है। वहीं, ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने कोरोना वायरस की महामारी से निपटने के लिए देश की 25 लाख रुपये की मदद करने का फैसला किया है।
बता दें कि चीन के वुहान शहर से निकली इस महामारी ने अब तक दुनियाभर में 60 हजार से ज्यादा लोगों की जीवन लीला समाप्त कर दी है, जबकि भारत में भी इसका प्रकोप काफी तेजी से बढ़ रहा है। भारत में रविवार की सुबह 8 बजे तक 2784 मामले कोरोना वायरस से संबंधित आ चुके हैं। इतने केस भारत में कोरोना वायरस से पॉजिटिव केसों के एक्टिव हैं। वहीं, देश में अब तक 75 लोगों की जान जा चुकी है।