हॉकी इंडिया ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकार को डोनेट किए 25 लाख रुपये
कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए हॉकी इंडिया ने केंद्र सरकार को 25 लाख रुपये का डोनेशन दिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे भारत की मदद के लिए अब तक तमाम लोग और संगठन सामने आए हैं। इसी कड़ी में अब हॉकी इंडिया ने भी देश की मदद करने के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। हॉकी इंडिया फेडरेशन ने केंद्र सरकार को 25 लाख रुपये का डोनेशन देने का फैसला किया है। हॉकी इंडिया ये रकम पीएम केयर्स में दान करेगी, जिससे कि कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का इलाज हो सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक खास आपातकालीन फंड देश के लिए दान देने की अपील की थी, जिसके बाद हॉकी इंडिया एग्जक्यूटिव बोर्ड ने पीएम केयर्स के लिए फंड डोनेट करने का फैसला किया। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, "ऐसे कठिन समय में देश की मदद करने के लिए सभी को साथ आना पड़ेगा, जिससे देश कोरोना वायरस से लड़ाई जीत सके। एक जिम्मेदार नागरिक के नाते इस सकंट से देश को निकालने की भी जिम्मेदारी उठानी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "पीएम केयर्स फंड में 25 लाख रुपये का योगदान देने का एक सर्वसम्मत निर्णय हॉकी इंडिया एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने लिया।" देश में 21 दिनों का लॉकडाउन है, जो 14 अप्रैल तक प्रभावी है। इस लॉकडाउन से भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप रोकने की कोशिश है। इसी को लेकर हॉकी इंडिया के महासचिव राजिंदर सिंह ने कहा है कि सरकार को वो सबकुछ कर रही है, जिससे देश को इस सकंट से उबारा जा सके।
हॉकी इंडिया के महासचिव ने कहा है, "भारत सरकार वो सब कुछ कर रही है और हम सभी भारतीय नागरिकों से जिम्मेदारी से काम करने और घर में रहने, इस लॉकडाउन का पालन करने का आग्रह करते हैं। हम इस वैश्विक संकट से एक साथ लड़ सकते हैं।" शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने प्राइम मिनिस्टर सिटिजन असिस्टेंस एंड रिलीफ इन इमरजेंसी सिचुएशंस (PM Cares) फंड का ऐलान किया था और लोगों से अपील की थी कि वे देश की मदद करें।