Move to Jagran APP

हॉकी इंडिया के निर्विरोध अध्यक्ष बने ज्ञानेंद्रो निंगोंबम

ज्ञानेंद्रो निंगोंबम को शुक्रवार को निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्यक्ष चुना गया जो मुहम्मद मुश्ताक अहमद की जगह लेंगे। अहमद को राष्ट्रीय खेल संहिता के कार्यकाल के दिशा निर्देशों के उल्लंघन के कारण खेल मंत्रालय ने इस्तीफा देने को कहा था।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Fri, 06 Nov 2020 06:14 PM (IST)Updated: Fri, 06 Nov 2020 06:14 PM (IST)
हॉकी इंडिया के निर्विरोध अध्यक्ष बने ज्ञानेंद्रो निंगोंबम
ज्ञानेंद्रो निंगोंबम को हॉकी इंडिया का अध्यक्ष चुना गया (फोटो- एपी)

नई दिल्ली, प्रेट्र। मणिपुर के ज्ञानेंद्रो निंगोंबम को शुक्रवार को निर्विरोध हॉकी इंडिया का अध्यक्ष चुना गया, जो मुहम्मद मुश्ताक अहमद की जगह लेंगे। अहमद को राष्ट्रीय खेल संहिता के कार्यकाल के दिशा निर्देशों के उल्लंघन के कारण खेल मंत्रालय ने इस्तीफा देने को कहा था। अहमद को हालांकि यहां हॉकी इंडिया की कांग्रेस और चुनाव में निर्विरोध वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया।

loksabha election banner

कोरोना वायरस महामारी के बीच यात्रा करने में असमर्थ सदस्य ईकाइयों ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठक में भाग लिया। निंगोंबम हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाले पूर्वोत्तर के पहले सदस्य हैं। अहमद के जुलाई में निजी और पारिवारिक कारणों से इस्तीफा देने के बाद से वह कार्यवाहक अध्यक्ष थे।

खेल मंत्रालय ने अहमद को इस्तीफा देने के लिए कहा था, चूंकि 2018 में उनका चुनाव राष्ट्रीय खेल संहिता के कार्यकाल के दिशा निर्देशों का उल्लंघन था। महासंघ को अध्यक्ष पद के लिए नए सिरे से चुनाव कराने के लिए कहा गया था। राष्ट्रीय खेल संहिता के तहत कोई पदाधिकारी लगातार तीन बार पद पर नहीं रह सकता। अहमद 2010 से 2014 तक हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष रहे। इसके बाद 2014 में महासचिव बने और 2018 में चार वर्ष के लिए अध्यक्ष पद पर चुने गए थे।

हॉकी इंडिया को 2019 में इसके लिए सूचित किया गया था लेकिन महासंघ का तर्क है कि अहमद कोषाध्यक्ष पद पर हॉकी इंडिया को खेल मंत्रालय से मान्यता मिलने से पहले थे और उसे कार्यकाल निर्धारण में नहीं गिना जा सकता। मंत्रालय ने हालांकि यह दलील खारिज कर दी थी। निंगोंबम दो साल तक पद पर रहेंगे। वह 2009 से 2014 के बीच मणिपुर हॉकी के कार्यकारी अधिकारी भी रहे हैं। अहमद के कार्यकाल में हॉकी इंडिया ने 2018 विश्व कप समेत कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी की। बैठक में टूर्नामेंटों की बहाली पर भी बात की गई जिसकी शुरुआत 2021 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप से होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.